साधारण किसान की बेटी ने सीमित संसाधन में ही की नीट परीक्षा पास,,


Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में सीमित संसाधन, साधारण किसान परिवार और डॉक्टर बनने का बड़ा सपना। इन परिस्थितियों के बीच अंजली राठौर ने कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर नीट परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अंजली ने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया स्तर पर 8035वीं रैंक प्राप्त कर यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों के सामने संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बन सकती।
मूल रूप से सरावन निवासी अंजली राठौर के पिता देवेंद्र कुमार किसान हैं, जबकि माता गीता देवी गृहिणी हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि उन्हें मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए बड़े शहर भेजा जा सके। इसके बावजूद अंजली ने हार नहीं मानी और घर पर रहकर ही तैयारी करने का निर्णय लिया। उन्होंने इंटरमीडिएट की शिक्षा कन्हैयालाल इंटर कॉलेज से पूरी की और वर्तमान में कैलाशी देवी श्रवण कुमारी महाविद्यालय में बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। अंजली ने बताया कि डॉक्टर बनना उनका बचपन का सपना था। बाहर जाकर कोचिंग करने की इच्छा थी, लेकिन परिस्थितियों के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने घर पर ही नियमित अध्ययन शुरू किया। शुरुआत में सही मार्गदर्शन न मिलने से कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। शिक्षकों के सहयोग, ऑनलाइन माध्यमों और सोशल मीडिया पर उपलब्ध अध्ययन सामग्री की मदद से उन्होंने नीट के पाठ्यक्रम को समझा और अपनी तैयारी की रणनीति तैयार की। परीक्षा की तैयारी के दौरान वह प्रतिदिन 10 से 11 घंटे नियमित अध्ययन करती थीं। समय का सही प्रबंधन, लगातार अभ्यास और आत्मविश्वास उनकी सफलता की सबसे बड़ी ताकत बने। अंजली ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों कोदेते हुए कहा कि परिवार ने पढ़ाई का अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया, जिससे वह पूरी लगन के साथ अपने लक्ष्य पर केंद्रित रह सकीं। अंजली की उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। कन्हैयालाल इंटर कॉलेज में निदेशिक खुशबू अग्रवाल व उपप्रधानाचार्य आशीष चतुर्वेदी ने ने फूल मालाएं पहनाकर उनका सम्मान किया। उनकी सफलता क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन गई है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं।