पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन खाद्य व रसद विभाग की विपणन शाखा द्वारा किसानों की सुविधा के लिए कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में धान, ज्वार व बाजरा क्रय केंद्र खोला गया था, ताकि किसान आसानी से अपनी उपज सरकारी समर्थन मूल्य पर बेच सकें। लेकिन क्रय केंद्र प्रभारी ने मंडी में धान लेकर आने वाले किसानों की भीड़ का हवाला देकर क्रय केंद्र को मंडी परिसर से हटाकर कोंच मार्ग पर भदौरिया फर्नीचर के सामने एक भवन में खोल दिया।
तब से क्रय केंद्र वहीं से संचालित हो रहा है। हैरानी की बात यह है कि नए स्थान पर चल रहे क्रय केंद्र पर न तो विभाग का कोई बैनर लगा है और न ही क्रय केंद्र प्रभारी व अधिकारियों के नाम व मोबाइल नंबर अंकित हैं, फिर भी वहां लगातार खरीदारी चल रही है। बाहर से देखने पर पता ही नहीं चलता कि यहां सरकारी क्रय केंद्र चल रहा है।
अब तक इतनी हुई खरीद
क्रय केंद्र पर अब तक धान 76 कुंतल, ज्वार 1896 कुंतल और बाजरा 467 कुंतल की खरीद की जा चुकी है। इतनी बड़ी मात्रा में खरीद होने के बाद भी क्रय केंद्र पर बैनर न लगाना और अधिकारियों के नाम न होना कई सवाल खड़े कर रहा है।
किसान राजेश चन्द्र, अवधेश, विनोद, अशोक कुमार का आरोप है कि मंडी परिसर से क्रय केंद्र हटने के कारण दूर-दराज से आने वाले किसानों को पता ही नहीं चल पाता कि क्रय केंद्र कहां चल रहा है। कई किसान मंडी परिसर पहुंचकर वापस लौट जाते हैं। उन्हें जानकारी न होने के कारण अपनी उपज औने-पौने दाम पर बिचौलियों को बेचनी पड़ती है।
सरकारी क्रय केंद्र पर बैनर न होना, अधिकारियों के नाम न होना और मंडी परिसर से बाहर गुपचुप तरीके से संचालन ने पूरी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। किसानों का कहना है कि यदि क्रय केंद्र नियमानुसार चल रहा है तो उसे छिपाने की क्या जरूरत है? बैनर न लगाना कहीं न कहीं गड़बड़ी की ओर इशारा कर रहा है।
किसानों ने जिला प्रशासन व खाद्य विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए। क्रय केंद्र को पुनः मंडी परिसर में संचालित किया जाए और पारदर्शी तरीके से खरीद की जाए, ताकि किसानों को समर्थन मूल्य का पूरा लाभ मिल सके।
डिप्टी आर एम ओ सुचिता ने बताया कि उन्हें जानकारी नहीं है वह पता करते हैं ।आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।







