तिरंगा क्रिकेट लीग में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी दिखाएंगे अपना हुनर

एस एम अरशद

Lucknow sports news today । उत्तर प्रदेश के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों के लिए 22 अगस्त को लखनऊ में बड़ा मौका मिलने जा रहा है। सैल्यूट तिरंगा क्रिकेट लीग के चयन ट्रायल का आयोजन जयपुरिया क्रिकेट अकादमी, लखनऊ में होगा।

खास बात यह है कि ट्रायल में लीग के कमिश्नर, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और पूर्व भारतीय चयनकर्ता चेतन शर्मा स्वयं मौजूद रहेंगे। प्रदेश भर के खिलाड़ियों के लिए ट्रायल का रजिस्ट्रेशन पूरी तरह नि:शुल्क रखा गया है।

एसटीसीएल का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देना है। ट्रायल के जरिए चयनित खिलाड़ियों को लीग की आठ टीमों में जगह बनाने का मौका मिलेगा। इच्छुक खिलाड़ी www.stclsport.com पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं।

लीग में चयनित खिलाड़ियों को सिर्फ बड़े मंच पर खेलने का अवसर ही नहीं मिलेगा, बल्कि उनके यात्रा, ठहरने और भोजन का खर्च भी लीग की ओर से उठाया जाएगा।

मुकाबले मिराज इंटरनेशनल स्टेडियम, उदयपुर में खेले जाएंगे। खिलाड़ियों को उनके घर से उदयपुर तक एसी ट्रेन से लाने और प्रतियोगिता के बाद वापस घर पहुंचाने की व्यवस्था एसटीसीएल करेगी।

लीग में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी और प्रत्येक टीम को तीन लीग मैच खेलने का अवसर मिलेगा। मुकाबलों का लाइव प्रसारण सोनी लाइव और डीडी स्पोर्ट्स पर किया जाएगा।

चयनित खिलाड़ियों को 25 हजार रुपये मैच फीस दी जाएगी। इसके अलावा मैन ऑफ द मैच को 21 हजार रुपये, बेस्ट बैटर और बेस्ट बॉलर को 21-21 हजार रुपये तथा प्लेयर ऑफ द सीरीज को 51 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

दूसरी ओर विजेता टीम को 15 लाख और उपविजेता टीम को 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

एसटीसीएल को पूर्व भारतीय क्रिकेटरों चेतन शर्मा, अशोक मल्होत्रा और मदन लाल समेत कई दिग्गज खिलाड़ियों का समर्थन मिला है। लीग का लक्ष्य खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के साथ उन्हें अपनी प्रतिभा के दम पर आगे बढ़ने का अवसर देना है।

जिलों से खबरें भेजने वाले साथी संपर्क कर सकते हैं: 9415795867 –8840345105