आज से विधिवत खुल गए विद्यालय, रैली निकालकर अभिवावकों को किया गया प्रेरित

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन में बुधवार से परिषदीय स्कूल विधिवत खुल गए हैं। स्कूल चलो अभियान के तहत विकासखंड के ग्राम नैनपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से अभिभावकों को अपने बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने और उन्हें नियमित रूप से स्कूल भेजने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरपाल ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना कर किया। रैली विद्यालय परिसर से शुरू होकर गांव के प्रमुख मार्गों से गुजरी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने शिक्षा से संबंधित जागरूकता नारे लगाकर लोगों को प्रत्येक बच्चे को विद्यालय भेजने का संदेश दिया। प्रधानाचार्या रीनू पाल ने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाती है। शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की नींव रखता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि वे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य को उज्ज्वल बना सकें। सरकार का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। स्कूल चलो अभियान के माध्यम से ऐसे बच्चों को चिन्हित कर विद्यालय से जोड़ा जा रहा है, जिनका अभी तक नामांकन नहीं हुआ है या जो नियमित रूप से विद्यालय नहीं आते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। इस दौरान ग्रामीणों को संचारी रोगों से बचाव के लिए भी जागरूक किया गया। इस मौके पर अनंतराम शैलेंद्र, नरेश कुमार, गुड्डू, अभयकीर्ति, हकीम सिंह, मलखान सिंह, शिवसिंह, नितिन, प्रियंका आदि रहे।