जालौन में दुकान में घुसा तेज रफ्तार ट्रेक्टर,, दुकानदार समेत दो घायल,,

ब्यूरो रिपोर्ट

Jalaun news today । जालौन में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब क्षेत्राधिकारी कार्यालय के सामने एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सीधे एक दुकान में जा घुसा। हादसे में दुकानदार समेत दो लोग घायल हो गए, जबकि दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक उसे नियंत्रित नहीं कर सका और वह सीधे दुकान के अंदर घुस गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान के अंदर रखा सामान और तीन सेट पूरी तरह बिखर गए। दुकान के सामने खड़ी एक मोटरसाइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में दुकानदार मुरारी पुत्र सत्यनारायण (निवासी ग्राम जगनेवा, हाल निवास मोहल्ला खंडेराव, जालौन) का पैर फ्रैक्चर हो गया, जबकि दुकान पर मौजूद एक अन्य व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को तत्काल सीएचसी जालौन पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दुकानदार की हालत गंभीर देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। दूसरे घायल का उपचार सीएचसी में ही जारी है।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर सुशील गुप्ता का बताया जा रहा है, जो बालू-गिट्टी के परिवहन का कार्य करते हैं। प्रारंभिक जांच में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है।
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों में आक्रोश भी देखा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू कर दी है तथा ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों और लापरवाह ड्राइविंग पर नियंत्रण की आवश्यकता को उजागर करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।