
Lucknow university news today । लखनऊ विश्वविद्यालय के अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग की ओर से कुलपति प्रो. जय प्रकाश सैनी के मार्गदर्शन में स्मार्ट इंडिया इंटर्नल हैकाथॉन-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय के डीन प्रो. सतेंद्र पाल सिंह ने की।
कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के कोऑर्डिनेटर डॉ. हिमांशु पांडेय ने बताया कि इंटर्नल हैकाथॉन में अभियांत्रिकी एवं तकनीकी संकाय के विभिन्न विभागों की 126 टीमों के 756 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता को आठ सत्रों में आयोजित किया गया, जिनका मूल्यांकन 18 जूरी पैनलों द्वारा किया गया। हैकाथॉन के सफल आयोजन में असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. सत्य भूषण वर्मा एवं डॉ. नूपुर सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।हैकाथॉन का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज और उद्योग से जुड़ी वास्तविक समस्याओं के समाधान के लिए नए विचारों, आधुनिक तकनीक और रचनात्मक सोच का उपयोग करने का अवसर देना था। विद्यार्थियों ने विभिन्न समस्या कथनों पर टीम बनाकर काम किया और तकनीक आधारित समाधान तैयार किए। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग, डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी, डिफेंस, कृषि और इंटरनेट ऑफ थिंग्स (IoT) जैसे क्षेत्रों में अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। प्रोजेक्ट के मूल्यांकन में नए विचारों के साथ उनकी तकनीकी उपयोगिता, समस्या समाधान की क्षमता और वास्तविक जीवन में उपयोग की संभावनाओं को भी ध्यान में रखा गया।

प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. सत्य भूषण वर्मा ने कहा कि हैकाथॉन केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीखने, प्रयोग करने और नए समाधान विकसित करने का मंच है। उन्होंने विद्यार्थियों को नए विचारों पर काम करने और उन्हें वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान में उपयोगी बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
इंटर्नल हैकाथॉन के दौरान 126 टीमों के आइडिया की जूरी सदस्यों द्वारा स्क्रीनिंग और मूल्यांकन किया गया। इस प्रक्रिया के आधार पर 50 टीमों के आइडिया को आगे की प्रक्रिया के लिए चयनित किया गया। अब इन चयनित टीमों के आइडिया की राष्ट्रीय स्तर पर स्क्रीनिंग और मूल्यांकन किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित टीमों को अपने समाधान को और बेहतर बनाने के लिए मेंटोरिंग एवं प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार नवंबर में स्मार्ट इंडिया हैकाथॉन के ग्रैंड फिनाले के लिए शॉर्टलिस्ट टीमों की घोषणा की जाएगी। दिसंबर 2026 में आयोजित होने वाले ग्रैंड फिनाले में चयनित टीमें अपने तकनीकी समाधान प्रस्तुत करेंगी।
कार्यक्रम का समापन प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. नूपुर सोनी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों, जूरी सदस्यों, मूल्यांकनकर्ताओं, समन्वयकों, स्वयंसेवकों और सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।




