रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर में संचालित प्राथमिक विद्यालय भवानीराम के बच्चे पेयजल के लिए परेशान हो रहे हैं। विभाग कनेक्शन को अवैध बता रहा है। जिसके चलते पेयजल की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। वार्ड के सभासद व प्रधानाचार्य ने जिलाधिकारी को संबोधित शिकायती पत्र एसडीएम को देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
सभासद हर्षित श्रीवास्तव व विद्यालय के प्रधानाध्यापक हिमांशु पुरवार ने जिलाधिकारी को सम्बोधित शिकायती पत्र एसडीएम हेमंत पटेल को देकर बताया कि प्राथमिक विद्यालय भवानीराम नगर क्षेत्र में संचालित है। विद्यालय में पूर्व में जलकल विभाग के माध्यम से एक पानी का कनेक्शन लगाया गया था। यह कनेक्शन वर्तमान में खराब हो चुका है।इसको ठीक कराने के लिए जलकल विभाग को कई बार लिखित व मौखिक रूप से शिकायत की गई। लेकिन विभाग द्वारा इस कनेक्शन को अवैध बताते हुए उसको चालू कराने से इंकार किया जा रहा है। गर्मी के मौसम में विद्यालय में पेयजल की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। पिछले वर्ष भारत विकास परिषद के सहयोग से विद्यालय में एक वाटर कूलर स्थापित किया गया था, लेकिन जल आपूर्ति बाधित होने के कारण उसका भी उपयोग नहीं हो पा रहा है। विद्यालय में एक हैंडपंप भी है, लेकिन उससे स्वच्छ जल नहीं निकलता है। ऐसे में न केवल पेयजल की व्यवस्था बाधित हो रही है, बल्कि मध्यान्ह भोजन बनाने में भी कठिनाई हो रही है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि विद्यालय में पेयजल की उचित व्यवस्था कराई जाए ताकि बच्चों और अध्यापकों को पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े।






