सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस आयुक्त समेत अन्य आला अफसर, वारदात का जल्द खुलासे का दावा
(संजय सिंह की रिपोर्ट)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा इलाके के आदर्श बिहार कालोनी में मोटर साइकिल सवार दो बदमाशों ने नमस्ते इंडिया कंपनी के कलेक्शन एजेंट को गोली मारकर नोटों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर पारा का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है आरोपी जल्द गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक 26 वर्षीय कुलदीप मिश्रा अपने परिवार के साथ आदर्श विहार शिवपुरी पारा में रहते हैं। कुलदीप मिश्रा नमस्ते इंडिया दूध कंपनी में कलेक्शन एजेंट के तौर पर तैनात हैं। कुलदीप कंपनी के कलेक्शन का कैश बैग में रखकर मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि घर के करीब आदर्श विहार में ही उन्हें दो मोटर साइकिल सवार बदमाशों ने रोक कर उनका बैग छीनने की कोशिश की । बदमाशों का जब कुलदीप मिश्रा ने विरोध किया तो एक बदमाश ने तमंचा निकालकर कुलदीप के सर पर गोली मार दी। गोली लगने के बाद कुलदीप लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े और बदमाश उनका नोटों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात की सूचना पाकर पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया । इंस्पेक्टर पारा दधिबल तिवारी ने बताया कि नमस्ते इंडिया के कैश कलेक्शन एजेंट कुलदीप मिश्रा को बदमाशों ने गोली मार कर उनका बैग लूट लिया है। बैग में करीब 50 से 60 हज़ार का कलेक्शन था और वो आज कलेक्शन कर वापस आ रहे थे तभी उनके घर के करीब ही घटना हुई है उन्होंने कहा कि कुलदीप के सर में कान के पास गोली लगी है उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि आसपास और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच की जा रही है । इंस्पेक्टर का कहना है कि लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगा दी गई है और उनकी जल्द गिरफ्तारी कर ली जायेगी।
बताते चले कि इसी सर्किल में बुधवार दोपहर पुलिस से बेखौफ बदमाश सर्राफा कारोबारी मुन्नालाल मिश्रा का ज्वेलरी और नोटों से भरा बैग लेकर फरार हो गए थे । दुबग्गा पुलिस घटना का खुलासा भी नहीं कर पाई थी कि काकोरी सर्किल के पारा थाना क्षेत्र में बदमाशों के द्वारा पुलिस को चुनौती देने वाली गोली मारकर लूट की दूसरी बड़ी घटना को अंजाम दे दिया गया।




