जालौन में लगने के कुछ ही समय बाद खराब हुआ नया ट्रांसफार्मर,, गर्मी से परेशान हैं लोग

Jalaun news today ।जालौन नगर में उरई मार्ग पर स्थित बिजलीघर में रखे 10 एमवीए के दो ट्रांसफार्मर में से एक ट्रांसफार्मर रविवार को खराब हो गया था। खराब ट्रांसफार्मर को मंगलवार को बदल दिया गया था। नए ट्रांसफार्मर से जैसे ही बुधवार को आपूर्ति की गयी तो वह भी खराब हो गया। एक घंटे में ही ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण नगर व ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति एक फिर प्रभावित हो गयी है। दूसरा ट्रांसफार्मर स्थापित होने तक नगर को दो-दो घंटे प्रति फीडर के हिसाब से बिजली आपूर्ति की जाएगी।
रविवार को 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से नगर की बिजली आपूर्ति प्रभावित है। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी तीन दिन से ठप है। गर्मी के मौसम में बिजली न आने से जनता परेशान थी। मंगलवार को ट्रांसफार्मर बदलने के बाद लोगों को राहत मिली थी। बुधवार से नार्मल सप्लाई शुरू होना थी। मंगलवार को नया ट्रांसाफार्मर रखने के चलते सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप्प रही। रात में दो-दो घंटे की आपूर्ति शुरू कर टेस्टिंग की गई। बुधवार की सुबह जैसे ही बिजली आपूर्ति नए ट्रांसफार्मर से शुरू की गयी। तो एक घंटे में ही ट्रांसफार्मर खराब हो गया। एक घंटे में ही ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी तब तक उजागर नहीं की गयी जब तक कि मुख्यमंत्री जनपद में रहे। उनके जाते ही यह जानकारी आम हो गई। तीन दिन में दूसरी बार ट्रांसफार्मर खराब होने की खबर और अब एक बार फिर ट्रांसफार्मर बदलने में दो दिन का समय लगने की जानकारी पाकर नगर व ग्रामीण क्षेत्र के लोग मायूस हो गए हैं। ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी होते ही अधिशाषी अभियंता महेंद्रनाथ भारती बिजलीघर पहुंच गए। ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी लेने के बाद उन्होंने इस संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगतकरा दिया है। एसडीओ कौशलेंद्र सिंह ने बताया कि नया ट्रांसफार्मर मंगवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। ट्रांसफार्मर दो दिन में बदलने की उम्मीद है।

Leave a Comment