लंबे समय से टूटी पड़ी पुलिया की रेलिंग,, ग्रामीणों ने लगाई अधिकारियों से गुहार

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र के चुर्खी-बाबई मार्ग से काशीपुरा गांव को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर स्थित माइनर की पुलिया की रेलिंग लंबे समय से टूटी पड़ी है। रेलिंग क्षतिग्रस्त होने के कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों और राहगीरों को दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से पुलिया की रेलिंग का शीघ्र निर्माण कराए जाने की मांग की है।
ग्रामीण गजेन्द्र सिंह, नेम सिंह, बलराम सिंह, हेमंत, रोशन और प्रदीप आदि ने बताया कि चुर्खी-बाबई मार्ग से काशीपुरा जाने वाला यह संपर्क मार्ग क्षेत्र के कई गांवों के लोगों के आवागमन का प्रमुख रास्ता है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। पुलिया की रेलिंग टूट जाने के कारण वाहन चालकों को विशेष रूप से रात के समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। अंधेरे में पुलिया का किनारा स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात का मौसम नजदीक है। ऐसे में पुलिया के आसपास फिसलन बढ़ने और दृश्यता कम होने से खतरा और अधिक बढ़ सकता है। कई बार वाहन चालक पुलिया के पास पहुंचकर असंतुलित हो जाते हैं और हादसा होने से बाल-बाल बचते हैं। इसके बावजूद अब तक टूटी रेलिंग की मरम्मत नहीं कराई गई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनहित को देखते हुए पुलिया की टूटी रेलिंग का शीघ्र निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों का आवागमन सुरक्षित हो सके और दुर्घटनाओं की आशंका समाप्त हो सके।