रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन में शुक्रवार को दोपहर 12 बजे से अपरान्ह दो बजे तक दो घंटे बिजली कटौती किए जाने से मुस्लिम समाज के लोग जुमे की नमाज के दौरान वुजू आदि के लिए परेशान हुए। परेशान लोगों ने जुमे के दिन कटौती बंद किए जाने की मांग की है।
इस शुक्रवार को रमजान माह का दूसरा जुमा था। रमजान माह में जुमे का दिन मुस्लिम समाज में काफी महत्व रखता है। लोग नहा धोकर, साफ कपड़े, वुजू बनाकर और इत्र आदि लगाकर मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए जाते हैं। इसके लिए पानी की आवश्यकता पड़ती है। रमजान माह के जुमे के दिन बिजली विभाग द्वारा दोपहर 12 बजे बिजली बंद कर दी गई। यह कटौती लगभग दो घंटे तक रही। लगभग यही समय जुमे के दिन के लिए वुजू आदि बनाकर तैयार होने और मस्जिदों में जाकर नमाज अदा करने का भी होता है। इन दो घंटों तक बिजली कटौती होने से पानी की आपूर्ति भी बंद रही है। ऐसे में मुस्लिम समाज के लोग नहाने और वुजू आदि के लिए काफी परेशान रहे। उन्हें मोहल्ले में स्थित नलों पर जाकर पानी भरना पड़ा। ऐसे में मुस्लिम समाज के अशफाक, अफजाल, मुजीब, खालिद आदि ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग करते हुए कहा कि जुमे के दिन दोपहर में होने वाली कटौती को बंद किया जाए। जुमे के दिन यदि बिजली कटौती की जानी है तो दोपहर दो बजे के बाद कटौती का समय निर्धारित किया जाए। ताकि लोगों को परेशान न होना पड़े।
जेई ने कही यह बात
इस बाबत जेई नवीन कंजौलिया ने बताया कि दो घंटे की रोस्टिंग थी। रोस्टिंग ऊपर से निर्धारित की जाती है। स्थानीय स्तर से इसमें हस्तक्षेप संभव नहीं है।







