Jharkhand news today । झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक के आरोपों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच आयोग के तीन सदस्यों ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्यपाल संतोष गंगवार ने राज्य सरकार की सिफारिश पर तीनों सदस्यों के इस्तीफे स्वीकार कर लिए हैं।
जानकारी के अनुसार JPSC की सदस्य अजीता भट्टाचार्य, अनिमा हंसदा और जमाल अहमद ने रविवार को अपने पदों से इस्तीफा दिया। इन इस्तीफों को राज्यपाल ने मंजूरी दे दी। इससे पहले आयोग के अध्यक्ष एल. खियांग्ते भी 22 जुलाई को अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं।
CID ने भेजा है तीनों को समन
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार तीनों पूर्व आयोग सदस्यों को झारखंड CID ने पूछताछ के लिए समन भेजा है। तीनों सदस्यों के सोमवार को CID के समक्ष पेश होने की संभावना है। ऐसे में जांच के बीच एक साथ तीन सदस्यों का इस्तीफा आयोग के लिए बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।
परीक्षा में धांधली के आरोपों की जांच
JPSC की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा समेत अन्य परीक्षाओं में कथित धांधली, OMR शीट में छेड़छाड़ और अयोग्य अभ्यर्थियों को पास कराने जैसे आरोपों की CID जांच कर रही है। छात्रों की ओर से भी लंबे समय से परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
हालांकि, तीनों सदस्यों के इस्तीफे को सीधे CID की कार्रवाई का परिणाम बताने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इस्तीफे और CID की पूछताछ के घटनाक्रम ने झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था को लेकर चल रहे विवाद को और गंभीर बना दिया है।




