(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । जालौन नगर में शनिवार को थोक सब्जी मंडी की समस्याओं को लेकर सब्जी विक्रेताओं ने सदर विधायक को ज्ञापन सौंपा। सब्जी विक्रेताओं ने मंडी के खराब हो चुके दुकानों के फर्श व टिन शैड को ठीक कराने की मांग की है।
हमारे स्थानीय सहयोगी से मिली जानकारी के अनुसार बंगरा मार्ग स्थित थोक सब्जी मंडी का निर्माण वर्ष 2002 में कराया गया था। निर्माण के बाद से अब तक सब्जी मंडी में मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया है, जिससे दुकानों के फर्श खराब हो गए हैं। नीलामी चबूतरे का टिन शैड आंधी में चार वर्ष पूर्व खराब हो गया था। उसकी अभी तक मरम्मत नहीं कराई गई है। बागवान समाज सेवा समिति के अध्यक्ष अशफाक राईन के नेतृत्व में सब्जी व फल विक्रेता अब्दुल हमीद, सुलेमान, हाजी लल्लू, मुहम्मद अलीम, अशरफ, कसीम आदि ने सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा को ज्ञापन सौंपकर बताया कि मंडी की दुकानों के फर्श खराब होने के कारण दुकानों में रखा सामान खराब हो जाता है। चबूतरे का टिन शैड खराब होने के कारण दुकानदारों को दिक्कत हो रही है। व्यापारियों ने विधायक से कहा कि उन्होंने इसकी शिकायत कई बार की लेकिन अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है। व्यापारियों का आरोप है कि लगभग 20 वर्ष से मंडी में कोई काम नहीं हुआ है। मंडी में पाइपलाइन न होने के बाद भी उनसे वाटर टैक्स लिया जा रहा है। इसे बंद कराया जाए और वसूला गया वाटर टैक्स वापस कराया जाए।





