रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । प्रदेश सरकार के निर्देश पर चल रहे वृक्षारोपण महाअभियान के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद इंटर कालेज में वन महोत्सव सप्ताह का आयोजन किया गया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों के साथ छात्रों ने वृक्षों की बारात निकालकर पौधे लगाए।
वन विभाग द्वारा एक जुलाई से सात जुलाई तक साप्ताहिक वन महोत्सव अभियान चलाया जा रहा है। साप्ताहिक आयोजन के समापन पर मंगलवार को सामाजिक वानिकी वन प्रभाग के तत्वावधान में वृक्षों की बारात कार्यक्रम के तहत जनजागरण रैली निकाली गई। स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज के बच्चों ने क्षेत्रीय वन अधिकारी कोमल सिंह, डिप्टी रेंजर मुबारक अली, वन दरोगा संजीव कुमार, वन रक्षक पुनीत कुमार व जितेंद्र प्रताप सिंह की उपस्थिति में नहर कोठी से जागरूकता रैली और वृक्षों की बारात निकाली। जो देवनगर चौराहे से कोतवाली होते हुए वापस नहर कोठी पहुंची। स्कूल के बच्चों ने रैली के माध्यम से आम जनमानस को एक पेड़ मां के नाम लगाने की अपील की। वन विभाग के अधिकारियों ने बच्चों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और वृक्षों के महत्व के बारे में जानकारी दी। बारात में छात्र पौधे हाथों में लेकर पर्यावरण बचाने के नारे लगाते हुए चल रहे थे। इसके बाद सभी ने मिलकर कॉलेज परिसर और आसपास के क्षेत्र में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों ने छात्रों को पौधे भी वितरित किए। इस मौके पर राहुल, प्रियांशु, गोपाल, आदित्य आदि रहे।







