माधौगढ़ कोतवाली में महिला पुलिस कर्मियों ने कराया परिवार परामर्श केंद्र का शुभारंभ,,

घरेलू विवादों के समाधान के लिए अब जिला मुख्यालय की दौड़ से मिलेगी राहत

ब्यूरो रिपोर्ट

Orai / Jalaun news today । घरेलू विवादों और पति-पत्नी के बीच होने वाले पारिवारिक मामलों के समाधान के लिए अब क्षेत्रीय लोगों को जिला मुख्यालय की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। पुलिस विभाग की पहल पर माधौगढ़ कोतवाली परिसर में परिवार परामर्श केंद्र की स्थापना की गई है। इसका शुभारंभ पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने फीता काटकर किया। खास बात यह रही कि पुलिस अधीक्षक ने स्वयं फीता काटने के बजाय महिला पुलिसकर्मियों से कार्यालय का उद्घाटन कराया।
परिवार परामर्श केंद्र के शुरू होने से माधौगढ़ सर्किल क्षेत्र के लोगों को घरेलू विवादों के समाधान के लिए जिला मुख्यालय जाने की परेशानी से राहत मिलेगी। अब पति-पत्नी के विवाद, पारिवारिक कलह तथा अन्य संबंधित मामलों में प्रारंभिक स्तर पर ही दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर संवाद और समझौते के माध्यम से विवाद का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। इससे फरियादियों के समय और धन दोनों की बचत होगी तथा स्थानीय स्तर पर उन्हें पुलिस की सहायता उपलब्ध हो सकेगी। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने कहा कि परिवार से जुड़े विवाद संवेदनशील प्रकृति के होते हैं। ऐसे मामलों में केवल कानूनी कार्रवाई ही नहीं, बल्कि दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी समझ और समन्वय के माध्यम से विवाद का समाधान कराने का प्रयास भी महत्वपूर्ण है। परिवार परामर्श केंद्र इसी उद्देश्य से महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

हर सर्किल कोतवाली में परिवार परामर्श केंद्र की पहल

अब तक पति-पत्नी अथवा घरेलू विवादों से जुड़े मामलों में क्षेत्रीय लोगों को जिला मुख्यालय स्थित परिवार परामर्श केंद्र तक जाना पड़ता था। इसमें ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को समय के साथ-साथ आने-जाने में आर्थिक खर्च भी उठाना पड़ता था। लोगों की इस परेशानी को देखते हुए पुलिस विभाग द्वारा प्रत्येक सर्किल कोतवाली स्तर पर परिवार परामर्श केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।

ग्राम प्रहरियों को दी कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र के गांवों से आए ग्राम प्रहरियों (चैकीदारों) से परिचय प्राप्त किया और उन्हें गांव स्तर पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से कहा कि वे अपने-अपने गांवों में होने वाली गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा कानून व्यवस्था से संबंधित सूचना को तत्काल संबंधित पुलिस अधिकारियों तक पहुंचाएं। उन्होंने सभी ग्राम प्रहरियों को अपने बीट सिपाही और हल्का प्रभारी के साथ बेहतर समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ग्राम प्रहरी पुलिस और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में काम करते हैं। गांव में किसी भी प्रकार की ऐसी सूचना, जिससे कानून व्यवस्था प्रभावित हो सकती है, उसे समय रहते पुलिस तक पहुंचाना उनकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने ग्राम प्रहरियों से अपनी जिम्मेदारी के प्रति सजग और सक्रिय रहने का आह्वान किया।

एसपी ने ग्राम प्रहरियों को शाॅल, साफा ओढ़ाकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र से आए सभी ग्राम प्रहरियों को शॉल एवं साफा ओढ़ाकर सम्मानित किया। सम्मान मिलने पर ग्राम प्रहरियों में भी उत्साह देखने को मिला। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा पुलिस और ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सीओ अम्बुज यादव, इंस्पेक्टर विनोद मिश्रा, एसएसआई दिनेश तोमर, गोहन एसओ सतीश कुमार, रामपुरा एसएचओ शिवप्रकाश सिंह, एसआई आजिद खान सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


उत्तर प्रदेश में तेजी से उभरता पोर्टल www.uttampukarnews.com और हिंदी साप्ताहिक पेपर उत्तम पुकार न्यूज़ एवं मासिक पत्रिका उत्तम पुकार न्यूज़ व चैनल up news sirf sach में जिलों से खबरें भेजने वाले पत्रकार जो सहयोग करने के इच्छुक हैं वह संपर्क कर सकते हैं। खबरों व लेख के लिए भी सम्पर्क Watsapp or calling : 9415795867,8840345105