रिपोर्ट बबलू सेंगर

UP news today। यूपी सरकार द्वारा महिलाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान को लगातार सफलता प्राप्त हो रही है। इसी कड़ी में सोमवार को साकेत नगर के एक भव्य होटल में मिशन शिक्षण संवाद के अंतर्गत आयोजित “शक्ति समागम” शिक्षा में नवाचारों का जीवंत उत्सव बनकर उभरा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आई शिक्षिकाओं ने अपने विद्यालयों में किए जा रहे रचनात्मक प्रयोगों, नवाचारों और प्रेरक अनुभवों को साझा कर माहौल को ज्ञान और उत्साह से भर दिया।
इसी कड़ी में जनपद जालौन के प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा की प्रधानाध्यापिका (प्रभारी) रीनू पाल ने अपने विद्यालय में स्थापित “म्यूजियम एंड आर्ट गैलरी” जैसे अनूठे और प्रेरणादायक नवाचार की प्रस्तुति दी। उनका यह प्रयास न केवल आकर्षण का केंद्र बना, बल्कि उपस्थित सभी शिक्षकों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी साबित हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि डॉ. सुलोचना मौर्य ने रीनू पाल के कार्यों की दिल खोलकर सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के रचनात्मक प्रयोग बच्चों में सीखने की जिज्ञासा को बढ़ाते हैं और शिक्षा को अधिक रोचक, प्रभावी तथा जीवन्त बनाते हैं। उन्होंने विद्यालय में लगातार हो रहे शैक्षिक नवाचारों और समर्पण की भी विशेष प्रशंसा की। अन्य उपस्थित शिक्षिकाओं ने भी ऐसे प्रयासों को शिक्षा में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में एक मजबूत कदम बताया और इसे प्रेरणादायक पहल के रूप में सराहा।






