रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में चलते हुए ट्रैक्टर से रोटावेटर पर पैर रखने के बाद युवक का पैर फिसल गया, जिससे रोटावेटर की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अमखेड़ा में आशीष तिवारी के खेत में रोटावेटर से खेत की मिट्टी को महीन कर खेत के समतलीकरण का कार्य किया जा रहा था। इसके लिए उन्होंने सिरसा दो गढ़ी गांव के ट्रैक्टर और रोटावेटर भाड़े पर मंगवाया था। ट्रैक्टर चालक गौरव उर्फ तिलक सिंह रजक (19) पुत्र संतोष कुमार अपने साथी मोहित निवसीगण सिरसा दो गढ़ी थाना माधौगढ़ के साथ रोटावेटर से काम कर रहा था। इसी दौरान उसने अपने साथी मोहित को ट्रैक्टर चलाने के लिए दे दिया। मोहित रोटावेटर चलाना सीख रहा था। दोपहर करीब डेढ़ बजे जब तिलक ने देखा कि मोहित रोटावेटर को ढंग से नहीं चला पा रहा है तो वह ट्रैक्टर के पास पहुंच गया और चलते हुए ट्रैक्टर पर चढ़ने का प्रयास करने लगा। ट्रैक्टर पर चढ़ते समय अचानक से उसका पैर फिसल गया और रोटावेटर की चपेट में आ गया। रोटावेटर की चपेट में आने पर जब तक ट्रैक्टर को रोका जाता तब तक उसकी कुचलकर मौत हो गई।

आसपास काम कर रहे किसानों ने हादसे की सूचना कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही मृतक के घर पर कोहराम मच गया।





