रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में सोमवार रात से शुरू हुई रिमझिम बारिश का सिलसिला मंगलवार को भी पूरे दिन जारी रहा। लगातार बरसते बादलों ने उमस और तेज गर्मी से लोगों को राहत दिलाई। बारिश के चलते लोगों की दिनचर्या प्रभावित रही। सुबह से ही आसमान घने बादलों से ढका रहा और बीच-बीच में तेज व हल्की बारिश होती रही।
बारिश के कारण नगर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक परेशान नजर आए, जिन्हें फिसलन और पानी से भरी सड़कों के बीच सावधानी से सफर करना पड़ा। स्कूल, कॉलेज और कार्यालय जाने वाले लोगों को भी बारिश से बचने के लिए छाता और रेनकोट का सहारा लेना पड़ा। कई स्थानों पर लोग दुकानों और शेड के नीचे खड़े होकर बारिश थमने का इंतजार करते दिखाई दिए। लगातार हो रही बारिश का असर बाजारों पर भी साफ दिखाई दिया। सामान्य दिनों की तुलना में बाजारों में ग्राहकों की संख्या कम रही। व्यापारियों का कहना है कि खराब मौसम के कारण खरीदारी प्रभावित हुई। लगातार हो रही बारिश से नगर का मौसम पूरी तरह खुशनुमा हो गया और लोगों को लंबे समय बाद गर्मी से राहत मिली।





