मिस टीन इंटरनेशनल 2026 की प्रतिभागियों ने ताजमहल की खूबसूरती को कैमरे में किया कैद

रिपोर्ट रामबाबू
Agra news today । विश्व की प्रतिष्ठित किशोर सौंदर्य प्रतियोगिता मिस टीन इंटरनेशनल 2026 में हिस्सा लेने वाली 30 देशों की प्रतिभागियों ने बुधवार को विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार किया। विभिन्न देशों से आईं युवा प्रतिभाओं के आगरा पहुंचने से ताजमहल परिसर में अंतरराष्ट्रीय संस्कृति और भारतीय विरासत का अनूठा संगम देखने को मिला।
प्रतिभागियों ने ताजमहल की बेमिसाल स्थापत्य कला, इतिहास और खूबसूरती को करीब से देखा। ताजमहल के साये में प्रतिभागियों ने जमकर तस्वीरें खिंचवाईं और इस ऐतिहासिक स्मारक के बारे में जानकारी हासिल की। इस दौरान मिस टीन इंटरनेशनल 2025 की विजेता लोरेना लुइज भी प्रतिभागियों के साथ मौजूद रहीं।
भारत की ओर से दिव्या वाधवा मिस टीन इंटरनेशनल 2026 में देश का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियां अपने-अपने देशों में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की विजेता हैं और इसी उपलब्धि के आधार पर उन्हें अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है।
प्रतिभागियों के आगरा दौरे को देखते हुए ताजमहल परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। सीआईएसएफ, ताज सुरक्षा पुलिस और पर्यटन पुलिस के अधिकारी एवं जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहे।

मिस टीन इंटरनेशनल 2026 का आयोजन भारत में हो रहा है और इसकी मेजबानी जयपुर कर रहा है। आयोजन की जिम्मेदारी देश की प्रमुख संस्था ग्लैमआनंद सुपर मॉडल के पास है। आयोजन के माध्यम से भारत की सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन, युवा प्रतिभा और अतिथि सत्कार की परंपरा को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है।
ग्लैमआनंद ग्रुप के चेयरमैन निखिल आनंद ने कहा कि दुनिया के विभिन्न देशों की प्रतिभाशाली युवतियों का भारत में एकत्र होना देश के लिए गौरव का विषय है। ताजमहल भारत की सांस्कृतिक विरासत और प्रेम की वैश्विक पहचान है। वहीं, निदेशक निशांत आनंद ने कहा कि यह आयोजन केवल सौंदर्य प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विभिन्न देशों की युवा प्रतिभाओं को जोड़ने वाला अंतरराष्ट्रीय मंच है।
राष्ट्रीय जनसंपर्क निदेशक सर्वेश कश्यप ने कहा कि आगरा में अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों का स्वागत करना गौरव की बात है। आयोजन के दौरान सुरक्षा, अनुशासन और अतिथि सत्कार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
प्रतियोगिता में शामिल देश और प्रतिभागी: ब्राजील-जानिन आयस्लेन, कंबोडिया-श्रेयनिथ हेंग, कोलंबिया-लॉरेन लोपेसिएरा, क्यूबा-जोहाना उरांगा, चेक रिपब्लिक-सालोमे रेसोवा, फ्रांस-लोएन मार्टिनेज, भारत-दिव्या वाधवा, इंडोनेशिया-क्लाउडिया जेसिका पी. मामोंटो, मैक्सिको-एड्रियाना कैंटू, मंगोलिया-उर्जिंगू बाट-इतगेल्ट, नेपाल-दिव्या थापा, नाइजीरिया-ओमोडेसोला हदासाह मतीलुकुरो, फिलीपींस-क्वीन नथाली पेंड्रे जाफ्रा, रूस-स्टेफेनिया नेदिल्को, स्पेन-अना पोर्टेला, श्रीलंका-दिव्यांगना सेनाविरत्ने, अमेरिका-एंड्रिया अल्मेस्टिका, वेनेजुएला-फ्रांसेलिज गोंजालेज और जिम्बाब्वे-लोला नाइस सहित अन्य देशों की प्रतिभागियां शामिल हैं।




