एक माह से नहीं शुरू हुई मंडी में धान की खरीद

Procurement of paddy has not started in the market since last one month

(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)

Jalaun news today । लगभग एक माह पूर्व गल्ला मंडी में खोले गए मोटे अनाज ज्वार, बाजरा के साथ ही धान खरीद केंद्र पर एक माह से धान खरीद शुरू नहीं हो सकी है। हालांकि केंद्र पर लगभग 50 क्विंटल बाजरा खरीदा गया है। वहीं, प्राइवेट व्यारियों के पास धान की काफी आवक हो रही है।
खरीफ की फसल में धान व मोटे अनाज में ज्वार, बाजरा के साथ धान को किसानों से एमएसपी की दर पर खरीदने के लिए गल्ला मंडी परिसर में सरकारी क्रय केंद्र खोला गया है। एक अक्टूबर को क्रय केंद्र का शुभारंभ डीएम राजेश पांडेय ने किया था। जिसमें उन्होंने किसानों से अपील की थी कि किसान अपना अनाज बेचने के लिए बिचौलियों के चक्कर में न पड़ें। बल्कि किसान पंजीकरण के उपरांत निर्धारित समय व तारीख पर सीधे केंद्र पर आकर अपना अनाज बेच सकते हैं। केंद्र प्रभारी अवनींद्र कुमार ने बताया कि केंद्र पर शासन द्वारा निधारित सामान्य धान 2183 व ए वन ग्रेड का धान 2203 रुपये प्रति क्विंटल, बाजरा 2500 रुपये, ज्वार हाइब्रिड 3180 व ज्वार मालदंडी 3225 रुपये प्रतिक्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। केंद्र पर अब तक एक भी किसान धान की फसल लेकर नहीं पहुंचा है। हालांकि बाजारा की बिक्री के लिए पांच किसानों ने पंजीकरण कराया है। जिनमें से तीन किसानों ने लगभग 50 क्विंटल बाजरा केंद्र पर बेचा है। उधर, गल्ला मंडी के प्राइवेट व्यापारियों के पास बासमती ग्रेड का काफी धान आ रहा है। अब तक मंडी में इस ग्रेड का लगभग 50 हजार क्विंटल धान खरीदा जा चुका है।

Leave a Comment