पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । जालौन क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय नैनपुरा की प्रधानाध्यापिका रीनू पाल ने सप्तम राज्य स्तरीय कला, क्राफ्ट एवं पपेट्री प्रतियोगिता के गणित वर्ग में प्रदेश स्तर पर सफलता हासिल कर जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित शिक्षकों और अभिभावकों में खुशी की लहर है। सहकर्मियों ने मिठाई बांटकर प्रसन्नता जाहिर की और उन्हें बधाई दी।
शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित पहली प्रतियोगिता जनपद स्तर पर हुई। जिसमें रीनू पाल पहला स्थान पाकर उन्हें प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिला। सप्तम राज्य स्तरीय कला, क्राफ्ट एवं पपेट्री प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 16 अक्टूबर 2026 तक राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, उत्तर प्रदेश, लखनऊ में किया गया था। इसमें विभिन्न जनपदों से चयनित शिक्षकों ने अपने विषय और शैक्षिक स्तर के अनुरूप शिक्षण सामग्री तैयार कर निर्णायक मंडल के सामने उसका प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में शिक्षकों द्वारा तैयार की गई सामग्री के मूल्यांकन में लर्निंग आउटकम से सामग्री की संबद्धता, बच्चों में निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों की प्राप्ति में उसकी उपयोगिता, कक्षा-कक्ष शिक्षण में प्रभावशीलता, सामग्री का आकर्षक एवं रोचक स्वरूप, कक्षा में उसके व्यावहारिक उपयोग, निर्धारित समय में निर्माण और प्रभावी प्रस्तुतीकरण को आधार बनाया गया। इन्हीं मानकों पर हुए मूल्यांकन के बाद सफल शिक्षकों का चयन किया गया, जिसमें गणित वर्ग में रीनू पाल ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। रीनू पाल की सफलता पर साथी शिक्षकों और अभिभावकों ने उन्हें बधाई दी है।






