(रिपोर्ट – बबलू सेंगर)
Jalaun news today । गांव की समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों की मांग पर एसडीएम ने समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया है।
तहसील क्षेत्र के ग्राम अलाईपुरा निवासी कृष्णकुमार, सोनेलाल, राजाराम, राहुल शर्मा, बृजभान शिरोमणि आदि ने एसडीएम सुरेश कुमार को शिकायती पत्र देकर बताया कि उनके मौजे में गूल का खुदाई होनी थी। लेकिन कुछ खुदाई कर गूल को ऐसे ही छोड़ दिया गया है। गूल की खुदाई न होने से किसानों को पलेवा में दिक्कत हो रही है। गांव में सिंचाई के लिए राजकीय नलकूप संख्या पांच व छह लगा हुआ है। लेकिन नलकूप से निकली जर्जर बिजली की लाइन भी ढीली है और जर्जर हो चुकी है। जिससे चिंगारी निकलती है। ऐसे में जर्जर लाइन से कभी भी कोई हादसा हो सकता है। वहीं, गांव के पशुपालक अपने गोवंशीय पशुओं का दूध निकालकर उन्हें अन्ना छोड़ देते हैं। यह अन्ना पशु खेतों में घुसकर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। जिससे किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। जब पशुपालकों को उनके पशु अन्ना छोड़ने की बात किसान करते हैं तो वह झगड़े पर आमादा हो जाते हैं। पीड़ित किसानों और ग्रामीणों ने उनकी समस्या का समाधान कराने की मांग एसडीएम से की है। वहीं, एसडीएम ने किसानों की मांग पर शीघ्र ही उनकी समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।





