
UP news today । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर बुधवार को स्वतंत्रता संग्राम की नायिका महान योद्धा वीरांगना झलकारी बाई की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर स्वाधीनता संग्राम में उनके अद्वितीय योगदान को याद करते हुए श्रद्धा सुमन अर्पित किया गया। अपनी कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रशासन प्रभारी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि झलकारी बाई झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की नियमित सेना में, महिला सेनापति थीं। उन्होंने प्रथम स्वाधीनता संग्राम में झांसी की रानी के साथ ब्रिटिश सेना के विरूद्ध अद्भुत वीरता से लड़ते हुए ब्रिटिश सेना के कई हमलों को विफल किया था।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ0 मनीष हिंदवी ने इस अवसर पर कहा कि झलकारी बहुत ही साहसी दृढ़ प्रतिज्ञ थी। 1857 की पहली जंग-ए-आजादी का ज़िक्रआता है तो झांसी की रानी का ज़िक्र लाज़िमी तौर पर आता है। जब झांसी की रानी का जिक्र आता है तो उनके कंधे से कंधा मिलाकर अंग्रेजों से लोहा लेने वाली वीरांगना झलकारी बाई का जिक्र आता ही आता है।
श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष शाहनवाज आलम, प्रदेश प्रवक्ता मनीष हिंदवी, रोहन सिंह, डॉ0 सुधा मिश्रा, प्रभाकर मिश्रा, शिव भगवान, अजय सिंह, डॉ अमित कुमार राय, डॉ0 श्रवण कुमार गुप्त, डॉ0 अरविन्द बहादुर सिंह सहित तमाम कांग्रेसजन उपस्थित रहे।





