रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में 132 केवी पावर हाउस उदोतपुरा के पास पुलिया पर बाइक सवार महिला उछलकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। प्राथमिक उपचार के बाद घायल महिला को उच्च संस्थान रेफर किया गया। ग्रामीणों ने पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है।
चुर्खी थाना क्षेत्र ग्राम जलालपुर जैतपुरा निवासी दयाशंकर की पत्नी गंगादेवी की तबियत खराब थी। गुरूवार को अपरान्ह वह पत्नी को इलाज के लिए बाइक से लेकर कोंच जा रहे थे। जब वह जालौन से निकलकर कोंच रोड पर 132 केवी पावर हाउस के पास पुलिया पर पहुंचे तभी पुलिया पर उछाल होने के चलते वह चलती हुई बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरी। सड़क पर गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। राहगीरों ने इसकी सूचना डायल 112 को दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च संस्थान रेफर कर दिया गया। ग्रामीण राघव सिंह, अनूप सिंह, कुलदीप पचौरी, विनोद पचौरी, विष्णु भदौरिया, अमरसिंह यादव आदि ने बताया कि कुछ समय पूर्व पुलिया क्षतिग्रस्त हो गई थी। जिसकी मरम्मत की गई थी। लेकिन मरम्मत के समय सड़क से उसका लेवल नहीं मिलाया गया है। जिसके चलते इस स्थान से निकलने पर वाहन उछल जाते हैं। खासतौर पर बाइक सवार अक्सर इस स्थान पर अक्सर बाइक उछलने से गिरकर चुटहिल हो जाते हैं। उन्होंने डीएम राजेश पांडेय से मांग करते हुए कहा कि वाहन चालकों की सुरक्षा को देखते हुए पुलिया का लेवल सही कराया जाए। ताकि इस स्थान पर होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके।





