यूपी में बदल रहा मौसम का मिजाज,, तापमान में लगातार दर्ज हो रही गिरावट

UP News Today । एक खबर यूपी के मौसम को लेकर मीडिया के प्रकाश में आई है । मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल रहा है। सुबह-शाम सर्द हवाएं बह रही हैं। तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। भोर में कोहरे की चादर भी छाने लगी है। सर्दी भी धीरे-धीरे जोर पकड़ रही है। आलम ये है कि कई जिलों में लोगों ने रात में कंबल-रजाई का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। वैसे तो अभी सुबह और शाम में भी ठंड का एहसास हो रहा है। लेकिन अब दिन में भी धूप की तपिश कम होती जा रही है। ग्रामीण इलाकों में ठंड ज्यादा महसूस हो रही है, ऐसे में लोगों ने गर्म कपड़े पहनने शुरू कर दिए हैं। हालांकि अभी यूपी में कंपकंपा देने वाली ठंड नहीं आई है। लेकिन आने वाले दिनों में तापमान में गिरावट के साथ ही ठंड में और बढ़ोत्तरी देखने को मिल सकती है।मौसम विभाग के अनुसार आज पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान कहीं भी कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। सुबह और देर रात के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। दिन में धूप भी निकलेगी। लेकिन शाम ढलने पर तापमान लुढ़कने के साथ ही ठंड का एहसास होने लगेगा। यूपी में 14 नवंबर तक मौसम शुष्क रहने की भी संभावना है। इस दौरान कोई बड़ा बदलाव आने का पूर्वानुमान नहीं है, न ही बारिश होने की कोई संभावना जताई गई है। वहीं तापमान की बात करें तो अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की जा सकती है।मौसम विभाग के अनुसार पंजाब के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। जिसके प्रभाव से पहाड़ों में बर्फबारी हो रही है। जहां से पछुआ हवाएं यूपी में आ रही हैं और मौसम को ठंडा बना रही है। इन हवाओं के प्रभाव से पिछले 2-3 दिनों में प्रदेश में तापमान में करीब 4-5 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। आगामी एक हफ्ते तक ऐसे ही मौसम ठंडा बना रहेगा। इस दौरान तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। लेकिन दिन में धूप निकलने का सिलसिला जारी रहेगा।यूपी में शनिवार को सबसे ठंडा जिला बाराबंकी रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी सीजन में पहली बार रात का पारा 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं दिन में 29.5 डिग्री सेल्सियस के साथ दिन में हल्की गर्मी का एहसास हुआ।