पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़
रिपोर्ट बबलू सेंगर
Jalaun news today । झांसी डिवीजन जल संस्थान के स्थानीय कार्यालय में दो महीने से ज्यादा समय से दो लीकेज है। कार्यालय परिसर में मेन लाइन में हुए लीकेज को ठीक करने के लिए विभाग ने गड्ढा भी खोदे किन्तु लीकेज न मिलने के कारण उसे खुला छोड़ दिया। लीकेज ठीक न होने के कारण हजारों लीटर पानी प्रतिदिन बह कर बर्बाद हो रहा है तथा आसपास के घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है तथा आसपास की दुकानों में नमी पहुंच गयी है।
नगर के 25 वार्ड व 30 मोहल्लों को जलापूर्ति के लिए झांसी डिवीजन जल संस्थान स्थानीय कार्यालय बनाया गया है जहां पर अवर अभियन्ता का कार्यालय भी है। अवर अभियन्ता के पास पास कोंच, माधौगढ व जालौन तहसील क्षेत्र का चार्ज होने के कारण वह रहते नहीं है। अधिकारी के न रहने तथा हफ्तों न आने के कारण व्यवस्थाएं चरमरा रही है।यहीं कारण है कि कार्यालय परिसर में दो महीने से ज्यादा समय से दो लीकेजों से प्रतिदिन हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है किन्तु उन्हें ठीक करने में विभाग ने सिर्फ खाना पूर्ति की ।लीकेज ठीक करने के गड्ढा खोदे गये किन्तु लीकेज न मिलने पर उन्हें ऐसा ही छोड़ दिया। दो महीनों में जिम्मेदार भी आये उन्होंने भी बर्बाद होते पानी व लीकेज को गम्भीरता से नहीं लिया। इसका परिणाम यह है कि दो महीने से ज्यादा समय से लीकेज से पानी बह रहा है। लीकेज के कारण कार्यालय परिसर के बाहर बने नगर पालिका के पुराने चुंगी भवन, बांउड्री से लगी दुकानों में नमी आने लगी है। कार्यालय परिसर में लम्बे समय से चल रहे लीकेज के कारण आसपास के घरों में गंदा पानी पहुंच रहा है जिसकी लोगों ने शिकायत भी किन्तु लीकेज का पता न चलने पर वह भी हार थक कर बैठ गये तथा उसी व्यस्था में रम गये।
कार्यालय परिसर में रखा ट्रांसफार्मर बना रोधक
जल संस्थान के आसपास के घरों में बिजली आपूर्ति के लिए लीकेज के पास ही कार्यालय परिसर में ट्रांसफार्मर रखा हुआ। कार्यालय परिसर में ट्रांसफार्मर के नीचे लीकेज होने की संभावना है। बिजली आपूर्ति होने के कारण लीकेज को ठीक करने में कर्मचारियों को दिक्कत आ रही है। खबर प्रकाशित होने के अवर अभियन्ता ने बिजली विभाग को पत्र लिखकर लीकेज को ठीक कराने के लिए बिजली आपूर्ति रोकने को कहा है।
अवर अभियंता ने कही यह बात
अवर अभियंता राहुल साहू ने बताया कि कार्यालय परिसर में लीकेज उनके आने से पहले से चल रहा है। उसे ठीक करने के लिए प्रयास किये गये थे किन्तु ट्रांसफार्मर रखा होने के दिक्कत थी। पत्र भेजकर बिजली विभाग आपूर्ति रोकने के कहा है। आपूर्ति बंद होने के बाद उसे ढूढ़ कर ठीक कराया जायेगा।
जालौन के इस मुहल्ले में 5 महीने से खराब पड़ा हैंडपंप, पानी के लिए परेशान हो रहे लोग
जालौन। नगर के मोहल्ला नारोभास्कर में पेयजल की सुविधा के लिए लगाया गया हैंडपंप पिछले करीब पांच महीने से खराब पड़ा है। जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते अब तक इसकी मरम्मत नहीं हो सकी है, जिससे स्थानीय लोगों को जरूरत के समय पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है।
मोहल्ला नारोभास्कर में विनोद कुशवाहा के मकान के सामने लगा हैंडपंप करीब पांच माह पहले एक वाहन की टक्कर लगने से क्षतिग्रस्त हो गया था। टक्कर के कारण हैंडपंप टेढ़ा हो गया और तभी से इसका इस्तेमाल बंद है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले बिजली गुल होने या पाइपलाइन से पानी की आपूर्ति बाधित होने पर यही हैंडपंप पूरे मोहल्ले के लिए बड़ी राहत साबित होता था। अब इसके खराब होने से वैकल्पिक पेयजल की सुविधा भी समाप्त हो गई है। मोहल्ले के निवासी मनू तिवारी, जयकरण कुशवाहा, रविकांत कुशवाहा, मयंक तिवारी और बाबा कुशवाहा ने बताया कि कई बार हैंडपंप की मरम्मत की आवश्यकता महसूस कराई गई, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि गर्मी हो या सामान्य दिन, पानी की जरूरत हर घर में रहती है। ऐसे में सार्वजनिक हैंडपंप का लंबे समय तक बंद रहना लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त हैंडपंप की स्थिति का निरीक्षण कराकर जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि पानी की आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में लोगों को परेशानी न उठानी पड़े।







