रिपोर्ट मुकेश मिश्रा

E-Magzine – उत्तम पुकार न्यूज़
Lucknow news today । पीजीआई थाना क्षेत्र के किसान पथ पर गुरुवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में नहरखेड़ा गांव निवासी दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। निलमथा के पास पंचर डाले का टायर बदलते समय पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीनों युवकों को रौंद दिया और मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, निगोहां थाना क्षेत्र के रघुनाथ खेड़ा मजरा नहरखेड़ा निवासी सुखई पुत्र रामप्रसाद (30) और कप्तान पुत्र शिवरत्न (24) भूंसा ढोने का कार्य करते थे। गुरुवार को दोनों युवक गांव के डाला चालक अखिलेश पुत्र धनिराम (26) के साथ डाले में भूंसा लादकर कुर्सी, बाराबंकी जा रहे थे। जैसे ही उनका वाहन किसान पथ पर निलमथा के पास पहुंचा, डाले का टायर अचानक पंचर हो गया।
डाला सड़क किनारे खड़ा कर चालक सहित तीनों युवक टायर बदल रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक अखिलेश को करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए वाहन फरार हो गया। हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर भेजा, जहां इलाज के दौरान सुखई और कप्तान की मौत हो गई, जबकि चालक अखिलेश की हालत गंभीर बनी हुई है।
इस संबंध में पीजीआई थाना प्रभारी धीरेंद्र सिंह ने बताया कि “किसान पथ पर पंचर वाहन का टायर बदलते समय अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ है। दो युवकों की मौत हो गई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।मौत की खबर मिलते ही दोनों मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। गांव में मातम का माहौल है। दोनों मृतक अविवाहित थे।मृतक सुखई सात भाइयों में से एक था, जिनमें से दो भाइयों की पहले ही मौत हो चुकी है। वहीं मृतक कप्तान तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाइयों के नाम बाबादीन और चौहान बताए गए हैं।शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों युवकों के शव गांव पहुंचे, तो पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद ग्रामीणों ने किसान पथ पर बढ़ते हादसों को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार वाहन की पहचान करने में जुटी है।







