बच्चों व जरूरतमंदों को कपड़े, खाद्य सामग्री व किताबें वितरित कर चलाया जागरूकता अभियान…..
रिपोर्ट मुकेश मिश्रा

Lucknow news today। लखनऊ के मोहनलालगंज में उन्नति फाउंडेशन की युवा इकाई युवा कवच टीम द्वारा बच्चों एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए कपड़े, खाद्य सामग्री और शैक्षणिक सामग्री का वितरण करते हुए एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम “आओ मिलकर खुशियां बांटें, जरूरतमंद के चेहरे पर मुस्कान लाएं” अभियान के अंतर्गत प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित किया गया।कार्यक्रम शनिवार को दोपहर को इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में संपन्न हुआ। इस दौरान गरीब बच्चों और जरूरतमंदों को पढ़ाई-लिखाई का सामान, गर्म कपड़े एवं भोजन सामग्री वितरित की गई।उन्नति फाउंडेशन के युवा संस्थापक रोहित सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में युवा कवच टीम से हर्ष गोस्वामी, शैलजा, हर्ष अवस्थी, अनिकेत, लकी एवं सैफ उपस्थित रहे। टीम के सदस्यों ने बच्चों को सामग्री वितरित करने के साथ-साथ शिक्षा, स्वच्छता एवं स्वास्थ्य के प्रति भी जागरूक किया।कार्यक्रम के दौरान हर्ष ने बच्चों को कॉपी, पेंसिल सहित स्टेशनरी सामग्री वितरित की, वहीं अनिकेत द्वारा खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। लकी ने बच्चों को शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए बच्चों से प्रश्न-उत्तर किए, जिनके सही जवाब देने वालों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार भी दिए गए।इस अवसर पर अनिकेत एवं हर्ष ने बच्चों और अभिभावकों को स्वच्छता एवं स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी तथा सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा की। इसके साथ ही अनिकेत और सैफ ने शिक्षा एवं सुरक्षा से जुड़ी सरकारी योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थापक रोहित सिंह ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता, स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, स्वदेशी और समृद्ध भारत के निर्माण पर जानकारी देते हुए सभी को शपथ दिलाई कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखेंगे, स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी नशा करने से रोकेंगे, ताकि नशा मुक्त भारत के निर्माण में सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम को झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र के लोगों ने सराहा और उन्नति फाउंडेशन के इस सामाजिक प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।







