रिपोर्ट मुकेश मिश्रा

Lucknow news today । लखनऊ के निगोहा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हुआ, जहाँ ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली और एक वैगन-आर कार के बीच हुई भीषण भिड़ंत से मौके पर चीख-पुकार मच गई। इस दुर्घटना में एक महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल होकर वाहन में फंस गए थे।

इसी बीच वहां से उत्तर प्रदेश के पूर्व जल शक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह का काफिला गुजर रहा था। सड़क पर बिखरा मलबा और घायलों की स्थिति देख उन्होंने बिना देर किए अपना प्रोटोकॉल किनारे रखा और संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत काफिला रुकवा दिया।डॉ. महेंद्र सिंह स्वयं वाहन से नीचे उतरे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने एम्बुलेंस का इंतजार करने के बजाय अपने ही काफिले के वाहनों से घायलों को तत्काल मोहनलालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया है। पूर्व मंत्री के इस सेवा भाव की राहगीरों ने जमकर सराहना की है, वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कर यातायात बहाल कराया।






