बारात जा रहे दलितों से मारपीट का आरोप,, मामला दर्ज, जांच शुरू

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में बाइक से बारात में जा रहे दलित युवकों को चार पहिया सवार युवकों ने रोककर लाठी, डंडे और हॉकी से पिटाई कर दी। शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दे डाली। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जिला औरैया के अजीतमल थाना क्षेत्र के ग्राम जलूपुर निवासी अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उन्हें एक बारात में शामिल होने के लिए उरई जाना था। जिसके लिए सोमवार की रात वह अपने साथी अंशू व प्रदीप कुमार कठेरिया के साथ बाइक से उरई जा रहे थे। रात करीब साढ़े 10 बजे जब वह अकोढ़ी दुबे गांव के पास पहुंचे तभी पीछे से आ रहे चार पहिया सवार औरैया के दयालनगर निवासी रमन, प्रदुम्न एवं दो अज्ञात लोगों ने कार उनकी बाइक के आगे लगाकर जबरन उन्हें रास्ते में रोक लिया और रंगबाजी दिखाते हुए उनके साथ गाली, गलौज करने लगे। जब उसने गाली देने से मना किया तो सभी ने मिलकर लाठी, डंडे और हॉकी से पिटाई शुरू कर दी। उनके साथियों ने बचाने की कोशिश की तो उनकी भी पिटाई की। जिसमें तीनों लोगों को चोट आई हैं। पिटाई करने के बाद शिकायत करने पर सभी कार लेकर वहां से भाग निकले। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।