जालौन में खाटू श्याम बाबा के जन्मोत्सव पर निकाली गई शोभायात्रा,,

पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन में माँ वैष्णो देवी सेवा समिति के तत्वावधान में खाटू श्याम बाबा के जन्मोत्सव के अवसर पर शुक्रवार को कस्बे में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के शुरू होते ही पूरा कस्बा श्याममय हो गया। डीजे की धुन, बग्घी की सजावट और हाथों में लहराते खाटू श्याम बाबा के झंडों ने ऐसा मनमोहक दृश्य प्रस्तुत किया कि देखने वालों की भीड़ जगह-जगह उमड़ पड़ी।
शोभायात्रा कस्बा जालौन चौकी के पास स्थित खाटू श्याम बाबा मंदिर से विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रारंभ हुई। मंदिर के पुजारी शिवम मिश्रा ने बाबा की आरती कर शोभायात्रा को रवाना किया। इसके बाद शोभायात्रा पानी की टंकी, पुराना बस स्टैंड, झंडा चौराहा होते हुए बड़ी माता मंदिर पहुंची। वहां से छोटी माता मंदिर, नत्थू तिराहा, जालौन पब्लिक एकेडमी स्कूल से होते हुए मोहल्ला चिमनदुबे के विश्वकर्मा मंदिर पर समाप्त हुई।पूरे मार्ग पर भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। युवा डीजे की धुन पर नाचते-गाते चल रहे थे, तो महिलाएं और बच्चे हाथों में झंडे लेकर “जय श्री श्याम” और “हारे के सहारे की जय” के जयकारे लगा रहे थे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। कई स्थानों पर शरबत, प्रसाद और जलपान की व्यवस्था की गई थी।शोभायात्रा की देखरेख हर्ष विश्वकर्मा, सागर राठौर, प्रमोद विश्वकर्मा, धर्मेन्द्र राठौर, राज विश्वकर्मा ने की। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि पुनीत मित्तल, पवन कुमार, नैन्सी समेत बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। आयोजकों ने बताया कि जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर में विशेष श्रृंगार, भजन-कीर्तन और भंडारे का भी आयोजन किया गया।शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम रहे। शोभायात्रा के समापन पर विश्वकर्मा मंदिर पर बाबा की महाआरती की गई और प्रसाद वितरित किया गया।

पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़