स्वनिधि से समृद्धि श्रेणी में उत्तर प्रदेश को प्रथम स्थान, ओवरऑल परफॉर्मेंस एवं स्पेशल कैंपेन में मिला द्वितीय स्थान

प्रदेश के पांच नगर निकायों अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, प्रयागराज एवं वाराणसी को भी मिला राष्ट्रीय सम्मान

पढ़िये आपका अपना पेपर : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़

New Delhi news today । भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड-2026 समारोह में उत्तर प्रदेश ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। पीएम स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदेश को राज्य एवं नगर निकाय स्तर पर कुल आठ राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। इनमें राज्य स्तर पर तीन तथा नगर निकाय स्तर पर पांच पुरस्कार शामिल हैं।

इस उपलब्धि पर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  ए.के. शर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शी पहल और मुख्यमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में प्रदेश के रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यह सम्मान प्रदेश के स्ट्रीट वेंडर्स के विश्वास, नगरीय निकायों की सक्रियता तथा सूडा की पूरी टीम के समर्पण और परिश्रम का परिणाम है।

मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के माध्यम से उन्हें आसान ऋण सुविधा, डिजिटल लेन-देन तथा अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक पात्र स्ट्रीट वेंडर तक योजना का लाभ पहुंचे, ऋण वितरण समयबद्ध हो तथा अधिक से अधिक व्यवसायी डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़कर आत्मनिर्भर बनें। मंत्री श्री शर्मा ने सभी पुरस्कृत नगर निकायों एवं विभागीय अधिकारियों/कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगी।

राष्ट्रीय सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश को ‘स्वनिधि से समृद्धि’ श्रेणी में प्रथम स्थान तथा ‘ओवरऑल परफॉर्मेंस’ एवं ‘स्पेशल कैंपेन’ श्रेणियों में द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। वहीं नगर निकाय स्तर पर अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) के निदेशक डॉ. राजागणपति आर. ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से पुरस्कार प्राप्त किए। सूडा निदेशक ने इस उपलब्धि का श्रेय स्ट्रीट वेंडर्स, नगर आयुक्तों, परियोजना अधिकारियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं सूडा की पूरी टीम को दिया।

पढ़िये आपकी अपनी मासिक पत्रिका : उत्तम पुकार न्यूज़ – उत्तम पुकार न्यूज़