रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में बालिकाओं और महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाने के लिए शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। भाजपा महिला जिलाध्यक्ष ऊषा गुप्ता व महामंत्री रंजना दुबे ने फीता काटकर इस अभियान की शुरुआत की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता ने कहा कि एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीका बालिकाओं और महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराएं, ताकि भविष्य में उन्हें इस जानलेवा बीमारी के खतरे से सुरक्षित रखा जा सके। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सकों एवं स्टाफ ने एचपीवी संक्रमण, उसके दुष्प्रभाव और टीकाकरण के महत्व पर जानकारी दी। लोगों को जागरूक करते हुए बताया कि समय पर लगाया गया टीका न केवल संक्रमण से बचाता है, बल्कि कैंसर के जोखिम को भी काफी हद तक कम करता है। अभियान के पहले दिन हदरूख निवासी प्राची को टीका लगाकर टीकाकरण अभियान की शुरुआत की गई। इस मौके पर डॉ. सहन बिहारी गुप्ता, डॉ. राजीव दुबे, डॉ. विनोद राजपूत, डॉ. योगेश आर्या, डॉ. प्रियम यादव, डॉ. पीएन शर्मा, अवधेश राजपूत आदि मौजूद रहे।






