जालौन के इस थाना क्षेत्र में हुए विवाद में घायल हुए व्यक्ति की मौत,आरोपी अरेस्ट

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन जिले में कुठोन्द थाना क्षेत्र के ग्राम भदेख में दो अप्रैल को हुए विवाद में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

ग्राम भदेख निवासी पूरन राठौर (36) का घर के सामने रहने वाले रामऔतार राठौर से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान पूरन ने डंडे से रामऔतार के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान पांच अप्रैल को उनकी मौत हो गई।

घटना के संबंध में कुठोन्द थाने में मुकदमा संख्या 36/2026 के तहत धारा 105/352/351(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई।

पुलिस ने सोमवार सुबह करीब 6:25 बजे नैनापुर चौराहे (औरैया-जालौन रोड) से आरोपी पूरन राठौर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से खून से सना बांस का डंडा भी बरामद किया गया है, जिसे वारदात में इस्तेमाल किया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक जगदंबा प्रसाद, उपनिरीक्षक शीलवन्त सिंह और चौकी प्रभारी शंकरपुर रामवीर सिंह शामिल रहे।

विभिन्न मामलों में वांछित अरेस्ट

जालौन। विभिन्न मामलों को लेकर न्यायालय द्वारा वांछित चल रहे व्यक्ति को कोतवाली पुलिस ने पकड़कर न्यायालय में पेश किया है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खंडेराव निवासी रामप्रकाश विभिन्न मामलों को लेकर न्यायालय द्वारा वांछित चल रहा था। चौकी प्रभारी मनीष तिवारी को सूचना मिली कि वांछित दीन दयाल उपाध्याय चौराहे के पास खड़ा होकर कहीं बाहर भागने की फिराक में है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने वांछित को पकड़कर न्यायालय में पेश किया है।