रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गांवों में लाइब्रेरी स्थापित कराने की मांग ग्रामीणों ने सीडीओ से की है।
ग्रामीण राजेश श्रीवास्तव नैनपुरा, रमाकांत निरंजन सुढ़ार सालाबाद, अवध किशोर श्रीवास्तव सिहारी पडैया, अनूप श्रीवास्तव मकरंदपुरा, रामकुमार अकोढ़ी दुबे आदि ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की स्थिति में सुधार की अत्यधिक आवश्यकता है। वर्तमान समय में यूपीएससी, पीसीएस, बैंक, रेलवे, एसएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए छात्रों को महंगे कोचिंग संस्थानों का सहारा लेना पड़ता है, जो अधिकांश ग्रामीण छात्रों की पहुंच से बाहर है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर छात्र पीछे रह जाते हैं। उन्होंने बताया कि यदि गांवों में सुसज्जित लाइब्रेरी की स्थापना हो जाए तो छात्र बिना किसी अतिरिक्त खर्च के अध्ययन कर सकेंगे। इससे उन्हें बेहतर माहौल मिलने के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी। साथ ही अन्य ग्रामीण भी पुस्तकालय का लाभ उठाकर अपने ज्ञान में वृद्धि कर सकेंगे। मांग की गई है कि ग्रामीण क्षेत्रों में लाइब्रेरी खोलकर उसमें प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित पाठ्य सामग्री, सामान्य ज्ञान की पुस्तकें, समाचार पत्र और विभिन्न पत्रिकाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि छात्रों को समसामयिक जानकारी भी मिलती रहे और उनकी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी हो सके। ग्रामीणों ने सुझाव दिया कि पंचायत भवन या अन्य किसी सार्वजनिक स्थान पर लाइब्रेरी स्थापित की जा सकती है, जहां निर्धारित समय पर छात्र शांत वातावरण में अध्ययन कर सकते हैं। ग्रामीणों ने सीडीओ से गांवों को चयनित कर वहां लाइब्रेरी की स्थापना कराने की मांग की है।






