रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में अज्ञात युवकों ने सोने की अंगूठी और चांदी की पायल सस्ते में देने का लालच देकर युवक का मोबाइल फोन ठग लिया। पीड़ित युवक ने मामले की तहरीर कोतवाली में दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सिरसा कलार थाना क्षेत्र के ग्राम गिगौरा निवासी जीतू ने पुलिस को बताया कि वह शुक्रवार सुबह अहमदाबाद से बस द्वारा आया था और कोंच चौराहा पर उतरकर अपने घर जाने के लिए बस का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान एक अनजान युवक उसके पास आया और एक पर्चा दिखाते हुए उसमें लिखी जानकारी पढ़ने को कहा। पर्चे में सोने की अंगूठी की कीमत 75 हजार रुपये और चांदी की पायल की कीमत 13 हजार रुपये लिखी थी। उस युवक ने उससे दोनों सामान 30000 रुपये में खरीदने को कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। तभी दूसरा युवक वहां पहुंचा और बोला कि वह इन दोनों सामानों को 50 हजार रुपये में खरीद लेगा और उसने पेशगी के तौर पर 5000 रुपये नकद दे दिए साथ ही बाकी रुपये घर से लाने की बात कहकर चला गया। इसके बाद पहले युवक ने पीड़ित को लालच देते हुए कहा कि वह ये सामान ले ले और बदले में अपना मोबाइल और 10000 रुपये दे दे। जब उसने इनकार किया तो मात्र मोबाइल देने पर ही दोनों समान देने की बात कही। लालच में आकर उसने अपना मोबाइल उसे दे दिया। मोबाइल लेकर वह युवक ऑटो में बैठकर वहां से चला गया। जब उसने दोनों समान को दिखाया तो वह रोल्ड गोल्ड के थे। तब उसे अपने साथ ठगी का अहसास हुआ। वहीं, पीड़ित की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।






