जालौन क्षेत्र में पति पत्नी ने फाँसी लगाकर की आत्महत्या,, मामले की जांच में जुटी पुलिस,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिरिया खुर्द में सोमवार की रात एक हृदय विदारक घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। अज्ञात कारणों के चलते दंपत्ति ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब एक ही घर से दो अर्थियां उठीं तो पूरे गांव में मातम छा गया और हर आंख नम दिखाई दी।
बिरिया खुर्द गांव निवासी रामप्रसाद मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका बेटा विवेक (23) करीब तीन वर्ष पहले साधना से प्रेम विवाह कर घर में ही अलग रहने लगा था। विवेक भी मजदूरी करके पत्नी और छह माह की मासूम बेटी काव्या का पालन-पोषण कर रहा था। सोमवार की रात करीब आठ बजे घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। पिता और भाई मजदूरी पर गए थे, जबकि मां गांव में एक निमंत्रण में शामिल होने गई थी। इसी दौरान रात करीब सात बजे विवेक और उसकी पत्नी साधना ने टिन शेड वाले कमरे में बांस-बल्ली के सहारे फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस समय चला जब घर से बच्ची के लगातार रोने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग अंदर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। कमरे के अंदर पति-पत्नी के शव लटके हुए थे और नीचे मासूम बच्ची बिलखती हुई इधर-उधर हाथ-पैर मार रही थी। ग्रामीणों ने तुरंत परिजनों और ग्राम प्रधान संजय तोमर को सूचना दी। प्रधान ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही एएसपी डॉ. ईसान सोनी, सीओ शैलेंद्र बाजपेई और कोतवाल हरिशंकर चंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों शवों को नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और हर कोई इस दर्दनाक घटना को लेकर स्तब्ध था। पुलिस ने आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल कोई स्पष्ट वजह सामने नहीं आ सकी है। कोतवाल हरिशंकर चंद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद जब दोनों के शव गांव पहुंचे तो माहौल और भी गमगीन हो गया। एक ही घर से एक साथ दो अर्थियां उठने का दृश्य देखकर लोगों की आंखें नम हो गईं। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और हर कोई इस घटना को लेकर चर्चा करता नजर आया।