ट्रेक्टर की टक्कर से घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत,मामला दर्ज

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में दो सप्ताह पूर्व बंगरा मार्ग पर ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान युवक की ग्वालियर में मौत हो गई। पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर व उसके चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रेंढर थाना क्षेत्र के ग्राम परावर की मडैया निवासी मंगल सिंह ने पुलिस को बताया कि बीती 24 मई की रात लगभग साढ़े आठ बजे उनका बेटा राहुल बाइक से अकोढ़ी निवासी रिश्तेदार नीलेश के साथ पीछे बैठकर वापस अपने गांव परावर की मडैया आ रहा था। रास्ते में बंगरा रोड पर छहपुला के पास नीलेश लघुशंका के लिए रूक गया। छहपुला के आगे बाइक खड़ी करके वह लघुशंका करने लगा। उनका बेटा राहुल वहीं, बाइक के पास खडा हो गया। तभी बंगरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर के चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए उनके बेटे को टक्कर मार दी। ट्रैक्टर की टक्कर से राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से भाग निकला। राहुल को गंभीर हालत में सीएचसी से उरई फिर ग्वालियर रेफर कर दिया गया। फिर भी डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए, इलाज के दौरान 30 अप्रैल को राहुल की मृत्यु हो गई। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर व उसके चालक के रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।