रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय गूढ़ा न्यामतपुर में एसडीएम रिंकू सिंह राही और एसडीएम न्यायिक विश्वेश्वर सिंह ने बुधवार की सुबह औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां छात्राएं कक्षाओं में पढ़ाई करती मिलीं, वहीं रजिस्टर में उपस्थिति दर्ज होने के बावजूद एक शिक्षिका गायब मिलीं। इसके अलावा भोजन मेनू के अनुसार न मिलने और एक साल से वाशिंग मशीन स्थापित तक न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई। एसडीएम ने खंड शिक्ष्क्षा अधिकारी को व्यवस्थाएं दुरूस्त कराने के निर्देश दिए हैं।
बुधवार को एसडीएम रिंकू सिंह राही और एसडीएम न्यायिक विश्वेश्वर सिंह गूढ़ा न्यामतपुर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचे। निरीक्षण के दौरान हिंदी शिक्षिका जयश्री की उपस्थिति रजिस्टर में दर्ज मिली, लेकिन वह विद्यालय में मौजूद नहीं थीं। वहीं सहायक लेखाकार आशीष मिश्रा भी अनुपस्थित पाए गए। उनकी उपस्थिति पिछले कई दिनों से बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में अंकित पाई गई। जब अधिकारियों ने इसका कारण पूछा तो स्पष्ट जवाब नहीं मिला। निरीक्षण के दौरान रसोईघर की साफ-सफाई तो ठीक मिली, लेकिन छात्राओं को भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार नहीं दिया गया था। छात्राओं को कढ़ी, सब्जी और रोटी परोसी गई। वहीं सुबह समरसेबल खराब होने के कारण पानी की आपूर्ति भी बाधित रही। इस पर विद्यालय प्रशासन ने बताया कि मिस्त्री को सूचना दे दी गई है। विद्यालय परिसर में चारों ओर घास और झाड़ियां उगी मिलीं, जिससे छात्राओं के खेलने और बैठने के लिए पर्याप्त साफ जगह नहीं थी। कई स्थानों पर मकड़ी के जाले भी लगे पाए गए। निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि करीब एक वर्ष पहले विद्यालय को उपलब्ध कराई गई बड़ी वाशिंग मशीन अब तक शुरू नहीं कराई गई है। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। वहीं एसडीएम ने खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए कि विद्यालय में मिली सभी कमियों को तत्काल दूर कराया जाए। साथ ही अन्य विभागों से समन्वय बनाकर विद्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर किया जाए, ताकि छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके।





