रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन एसडीएम द्वारा एक नवाचारी पहल की गई है। तहसील क्षेत्र के दोनों ब्लॉकों के अंतर्गत आने वाले सभी गांवों के लिए अलग अलग व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। जिसमें गांव का कोई भी व्यक्ति जुड़कर अपनी समस्या रख सकता है। उसकी समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए गए हैं।
एसडीएम रिंकू सिंह राही ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह पहल शुरू की गई है। इस पहल का उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को अपने कामों के लिए तहसील मुख्यालय तक न भागना पड़े। प्रशासन उनके पास पहुंचकर उनकी समस्याओं को दूर करेगा। व्हाट्सएप ग्रुप में सभी विभागों के अधिकारियों को गांव के लोगों को जोड़ा जा रहा है। ग्रामीण सोशल मीडिया पर साझा की गई लिंक अथवा गांव के लेखपाल, ग्राम पंचायत सचिव आदि से मिलकर अपना नंबर अपने गांव के ग्रुप में जोड़ सकते हैं। यदि किसी ग्रामीण को कोई समस्या है तो साक्ष्य सहित अपनी शिकायत अपने गांव के ग्रुप में साझा कर सकता है। सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि समस्या का संज्ञान लेकर तत्काल उसका समाधान कराया जाए। समस्या का क्या समाधान किया गया इसकी जानकारी भी ग्रुप में साझा करें। शिक्षक बच्चों को स्कूल में क्या पढ़ा रहे हैं, उसका प्लान, विद्यालय में की गई गतिविधियों के बारे में जानकारी भी ग्रुप में साझा करेंगे। ताकि अभिभावक देख सकें कि उनका बच्चा स्कूल में क्या पढ़ रहा है। इस ग्रुप का यह भी उदेश्य है कि प्रशासन आपके गांव और आपके दरवाजे तक पहुंचे साथ ही ग्रामीणों में अपना गांव अपनी जिम्मेदारी का भाव आए।





