रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर को जाम की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए एसडीम ने पहल की है। उन्होंने गुरूवार की शाम बाजार में भ्रमण कर दुकानदारों से स्वतः ही उनके अतिक्रमण हटा लेने की अपील की। स्वतः अतिक्रमण न हटाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने की भी चेतवानी दी है। इसको लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने एसडीएम को ज्ञापन देकर अतिक्रमण हटाने से पूर्व व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।
नगर में अतिक्रमण के चलते अक्सर जाम की समस्या बनी रहती है। नगर के झंडा चौराहा, सब्जी मंडी, तहसील रोड कांजी हाउस, पानी की टंकी के पास एवं छोटी माता मंदिर के पास दिन में कई बार जाम की स्थिति बन जाती है। इसको लेकर एसडीएम रिंकू सिंह राही ने गुरूवार की शाम नगर के बाजार में भ्रमण किया। उन्होंने दुकानदारों से अतिक्रमण को लेकर वार्ता की और उन्हें समझाया कि उनके द्वारा अस्थाई अतिक्रमण किए जाने से अन्य लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में वह स्वतः ही अपने अतिक्रमण हटा लें। ताकि दूसरों को परेशान न होना पड़े। साथ ही चेतवानी दी कि स्वत अतिक्रमण न हटाने पर अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जाएगा। वहीं, अतिक्रमण अभियान से पूर्व शुक्रवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी श्यामजी गुप्ता, अनिल गुप्ता, दीपू पुरवार, लोकेंद्र यादव आदि एसडीएम से मिले और उन्हें ज्ञापन देकर बताया कि नगर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण व बड़े वाहनो की आवागमन से जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है। उन्होंने अतिक्रमण अभियान चलाए जाने से पूर्व बाजार के मुख्य मार्गाे पर सड़क के किनारे सफेद पट्टी बनवाने की मांग की। ताकि रेहड़ी, पटरी के दुकानदार सफेद पट्टी के अंदर ही अपना व्यापार कर सकें और उनकी भी जीविका चलती रहे। इसके अलावा नगर के बस स्टैंड, द्वारिकाधीश मंदिर प्रांगण, पुराना अस्पताल आदि स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था करवाई जाए। बाजार के अंदर आने वाले स्थानो पर बेरीकेटिंग कर ट्रैफिक पुलिस लगाकर बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई जाए। पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध होने के बाद ही अतिक्रमण अभियान चलाया जाए।





