गांव गया था अधिवक्ता का परिवार, चोरों ने घर मे कर डाली चोरी, मामले की जांच में जुटी पुलिस

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today। जालौन में सूने घर का ताला तोड़कर चोर घर में रखे सोने चांदी के आभूषण व 15 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।घर से हुई लगभग दो लाख की चोरी की घटना के बाद चौकी प्रभारी ने मौके पर पहुंच निरीक्षण किया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया रावतान निवासी अधिवक्ता सुधाकर सिंह सेंगर के पैतृक गांव मड़ोरा में कृषि कार्य चल रहा था। परिवार के सदस्य पैतृक गांव गए थे। कोंच रोड पर मोहल्ला रावतान में उनके दो घर हैं। रात करीब 11 बजे वह अपने दूसरे घर में आराम करने के लिए चले गए और जिस घर में परिवार के सदस्य रहते थे उसमें उन्होंने ताला डाल दिया। सोमवार की सुबह जागकर जब वह अपने घर पहुंचे तो देखा कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। वह जब घर के अंदर पहुंचे तो घर के मुख्य दरवाजे व अन्दर के कमरों के ताले टूटे मिले ।अलमारी में रखा सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल, मंगलसूत्र व 15 हजार रुपये नकद गायब थे। सुनसान घर का ताला तोड़ कर अज्ञात चोरों द्वारा की गई चोरी की सूचना उन्होंने पुलिस को दी। चोरी की घटना की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी मनीष कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे और मौके का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की पुटेज भी खंगाल रही है।

घर के सामने कूड़ा फेंकने को लेकर भिड़े पड़ोसी

जालौन। घर के सामने कूड़ा फेंकने को लेकर हुए विवाद में कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों के दो लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग निवासी रोहित सेंगर व हरविलास सिंह के बीच घर के सामने कूड़ा फेंकने को लेकर सोमवार की सुबह विवाद हो गया। बातचीत से शुरू हुआ विवाद बढ़कर गाली, गलौज और हाथापाई तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया। न मानने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों के खिलाफ कार्रवाई की है।

विभिन्न मामलों में वांछित अरेस्ट

जालौन। विभिन्न मामलों में न्यायालय द्वारा वांछित चल रहे युवक को कोतवाली पुलिस ने पकड़कर न्यायालय में पेश किया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खनुआं निवासी गम्मू विभिन्न मामलों को लेकर न्यायालय द्वारा वांछित चल रहा था। कोतवाली में तैनात एसएसआई संजय यति को सूचना मिली कि उपरोक्त वांछित अपने गांव में है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस वांछित को पकड़कर कोतवाली ले आई। जहां से उसे न्यायालय में पेश किया गया।