पीएम सूर्य घर योजना से लेकर आवास, पेंशन को दिये निर्देश
आयुष्मान और फैमिली आईडी अभियान तक हर योजना की हुई गहन समीक्षा
ब्यूरो रिपोर्ट

Orai jalaun news today । प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग राज्य मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री संजय सिंह गंगवार की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा कानून-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा बैठक कर सम्बंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दास्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुँचना सुनिश्चित किया जाए। प्रभारी मंत्री ने स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पोषण, पेंशन और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था का अंतिम उद्देश्य आमजन को राहत देना होना चाहिए। उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना को जनआंदोलन के रूप में संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि नगर निकायों में वार्डवार अभियान चलाकर प्रत्येक वार्ड को संतृप्त किया जाए, ताकि अधिकाधिक परिवारों को सौर ऊर्जा योजना का लाभ मिल सके। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को निर्देशित किया कि किसानों को समय से खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाए तथा खरीद केंद्रों और कृषि केंद्रों पर पेयजल, छाया एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित रहें। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए। इस अवसर पर एमएलसी रमा निरंजन, माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन, जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चैहान, कालपी विधायक के प्रतिनिधि आशुतोष चतुर्वेदी, एमएलसी शिक्षक के प्रतिनिधि मयंक त्रिपाठी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह, बीजेपी जिलाध्यक्षा उर्विजा दीक्षित सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
दिव्यांगजनों को पेंशन फार्म भरवाने में न बरतें लापरवाही
दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की समीक्षा में प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में विशेष शिविर आयोजित कर डॉक्टरों के माध्यम से दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाए जाएं तथा मौके पर ही पेंशन आवेदन भरवाकर पात्र दिव्यांगजनों को लाभांवित किया जाए। उन्होंने दिव्यांग पेंशन योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी विशेष जोर दिया।
फैमिली आईडी बनाने के लिये विशेष कैंप करें आयोजित
फैमिली आईडी अभियान की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने सभी खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष कैंप लगाकर लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अभियान में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पीएम आवास योजना ग्रामीण में अपात्रों का न करें चयन
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने कहा कि लाभार्थियों का चयन पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के आधार पर किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी अपात्र व्यक्ति योजना का लाभ न पाए और कोई भी पात्र परिवार सूची से वंचित न रह जाए। चिकित्सा विभाग को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र लोगों का त्वरित पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समयबद्ध उपचार देने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को सभी पेंशन योजनाओं में पात्रता की शुद्धता सुनिश्चित करने तथा समय से भुगतान कराने के निर्देश दिए गए।
शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे, ग्रामीण क्षेत्रों में 72 घंटे में बदले खराब ट्रांसफार्मर
विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 72 घंटे के भीतर खराब ट्रांसफार्मर बदले जाएं तथा किसानों को “पहले आओ-पहले पाओ” के आधार पर ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए जाएं। प्रभारी मंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि सभी पूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाए, जिससे जनभागीदारी और पारदर्शिता को बढ़ावा मिल सके।





