गर्मी में मरीजों को राहत प्रदान करने के लिए हुई यह व्यवस्था,,

रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जालौन में मरीजों को राहत देने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। गर्मी में मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए सीएचसी में कोल्ड रूम एवं ओआरएस-जिंक कॉर्नर की स्थापना की गई है।
इन दिनों तेज धूप और उमस के चलते लू, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। विशेषकर छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बाहर काम करने वाले लोग गर्मी की चपेट में जल्दी आ रहे हैं। ऐसे में अस्पताल द्वारा मरीजों के उपचार के साथ-साथ बचाव के उपायों पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सीएचसी में बनाए गए कोल्ड रूम में एसी की सुविधा दी गई है। ताकि मरीजों को ठंडा और आरामदायक वातावरण उपलब्ध हो सके और शरीर का तापमान नियंत्रित रखने में मदद मिल सके। गर्मी और लू से प्रभावित मरीजों को यहां प्राथमिक उपचार देने के साथ चिकित्सकीय निगरानी में भी रखा जा रहा है। वहीं, ओआरएस-जिंक कॉर्नर पर मरीजों को निःशुल्क ओआरएस घोल और जिंक की गोलियां वितरित की जा रही हैं। स्वास्थ्यकर्मी लोगों को ओआरएस घोल बनाने और सही तरीके से उपयोग करने की जानकारी भी दे रहे हैं। साथ ही गर्मी के दौरान शरीर में पानी और जरूरी लवणों की कमी न होने देने के लिए समय-समय पर पानी पीते रहने की सलाह दी जा रही है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. केडी गुप्ता ने लोगों से दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि जरूरी कार्य से बाहर निकलना पड़े तो सिर को कपड़े या टोपी से ढककर निकलें और हल्के व सूती कपड़ों का उपयोग करें।