रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन नगर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही के नेतृत्व में अतिक्रमण विरोधी अभियान लगातार जारी है। नगर पालिका की टीम सड़क किनारे बनी नालियों के ऊपर और बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाने में जुटी है। हालांकि कुछ स्थानों पर अतिक्रमण हटाने में लोग आनाकानी कर रहे हैं, जिस पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने चेतावनी दी है कि जो लोग स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाएंगे, उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर में लंबे समय से जाम की समस्या बनी हुई थी। सड़कों और फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को लेकर सभासदों और नगरवासियों द्वारा पिछले वर्ष से लगातार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे जा रहे थे। डीएम राजेश पांडेय के निर्देश पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिंकू सिंह राही ने नगर में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान शुरू कराया। एसडीएम के नेतृत्व में ईओ सुशील कुमार, जेई प्रवीण कुमार और आरआई अनूप कुमार ने पहले बाजार में भ्रमण कर लोगों से नालियों के ऊपर से स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटा लेने की अपील की। इसके बाद भी जब दुकानदार नहीं माने तो जुर्माना वसूलने की कार्रवाई शुरू की गई। नगर पालिका की टीम अब तक लगभग एक लाख रुपये का जुर्माना अतिक्रमणकारियों से वसूल चुकी है। जिसके बाद से लोगों ने स्वयं ही अपने अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिए हैं। अधिकांश जगहों पर नालियों से अतिक्रमण हट चुका है। फिर भी कुछ स्थानों पर अतिक्रमणकारी अपने अतिक्रमण हटाने में आनाकानी कर रहे हैं। कुछ लोग सुबह तो अपनी दुकानों के बाहर सामान रख लेते हैं लेकिन दोपहर में जब नगर पालिका की टीम आती है तो जुर्माना से बचने के लिए आगे रखे सामान को हटा लेते हैं। ऐसे लोगों को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जो लोग अपने अतिक्रमण स्वयं नहीं हटाएंगे उनके खिलाफ सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा और जिलाधिकारी के निर्देशानुसार नगर को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।
आप भी अपने संस्थान का विज्ञापन देकर कमाए लाभ संपर्क करें 9415795867






