रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन नगर व क्षेत्र के लोग अब आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत नगर में ही पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज और सर्जरी की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। चुर्खी रोड स्थित महान हॉस्पिटल को आयुष्मान योजना से संबद्ध किए जाने के बाद कार्डधारक मरीजों को इलाज के लिए उरई, कानपुर या झांसी जैसे बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।
अब तक नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को आयुष्मान कार्ड से इलाज कराने के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता था। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बाहर जाकर इलाज कराना काफी कठिन साबित होता था। इन लोगों की समस्याओं को महान हॉस्पिटल के प्रबंधक डॉ. एमपी सिंह ने समझा और हॉस्पिटल को आयुष्मान योजना से संबंद्ध कराने का प्रयास किया। अब हॉस्पिटल को आयुष्मान योजना से संबद्धता मिल चुकी है। नगर में ही इस सुविधा की शुरुआत होने से लोगों ने राहत महसूस की है। डॉ. एमपी सिंह ने बताया कि अस्पताल का उद्देश्य हर जरूरतमंद व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में ऐसे परिवार हैं जो गंभीर बीमारियों और ऑपरेशन का खर्च वहन नहीं कर पाते। आयुष्मान कार्ड होने के बाद भी दूसरे शहरों तक आना जाना और रूकना मंहगा पड़ता था। इसी को ध्यान में रखते हुए अस्पताल में आयुष्मान योजना के तहत सेवाएं शुरू की गई हैं, ताकि गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को भी उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं नगर में ही आसानी से मिल सकें। आयुष्मान कार्डधारक मरीज अस्पताल के हेल्प डेस्क पर पहुंचकर अपने कार्ड की पात्रता की जांच करा सकते हैं और योजना के तहत मुफ्त इलाज का लाभ ले सकते हैं। योजना के अंतर्गत सामान्य सर्जरी, लेप्रोस्कोपिक सर्जरी समेत कई प्रकार के जटिल ऑपरेशन अब बिना किसी शुल्क के किए जाएंगे। इसके अलावा मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में आधुनिक सुविधाओं के साथ उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।






