रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । जालौन क्षेत्र में यात्री द्वारा बताए गए स्थान पर बस न रोकने की शिकायत सही पाए जाने पर रोडवेज प्रशासन ने संविदा चालक और परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की है। जांच में विभागीय निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर दोनों के देयकों से 200-200 रुपये की कटौती की गई है। साथ ही भविष्य में यात्रियों की सुविधा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर के मोहल्ला मुरलीमनोहर निवासी मुहम्मद अशफाक राईन ने आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा बताया था कि वह लगभग एक माह पूर्व उरई से जालौन आ रहे थे। जालौन पहुंचने पर उन्होंने चालक से बस रोकने के लिए कहा, लेकिन चालक ने निर्धारित स्थान पर बस न रोककर कुछ आगे जाकर बस रोकी। शिकायत में उन्होंने चालक और परिचालक के व्यवहार पर भी आपत्ति जताई थी। शिकायत के निस्तारण में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक उरई डिपो ने बताया कि अभिलेखीय परीक्षण में पाया गया कि संबंधित बस का संचालन संविदा चालक अनिल कुमार एवं संविदा परिचालक रविपाल द्वारा किया जा रहा था। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि यात्रियों को उनकी सुविधा के अनुसार सुरक्षित स्थान पर उतारने संबंधी विभागीय निर्देशों का पालन नहीं किया गया। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक ने अपने पत्र में कहा कि चालक एवं परिचालकों को समय-समय पर लिखित, मौखिक तथा काउंसलिंग के माध्यम से निर्देशित किया जाता है कि मुख्य स्टॉपेज के साथ-साथ मार्ग में जहां यात्री बस रोकने का संकेत दें, वहां नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर उन्हें उतारा जाए। संबंधित प्रकरण में इन निर्देशों की अवहेलना प्रतीत होने पर संविदा चालक और परिचालक के देयकों से 200-200 रुपये की कटौती की गई है। साथ ही विभाग की ओर से दोनों कर्मचारियों को भविष्य में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा का ध्यान रखते हुए निर्धारित निर्देशों का पालन करने की हिदायत भी दी गई है।






