रिपोर्ट बबलू सेंगर


Jalaun news today ।जालौन क्षेत्र में गुरूवार रात को आई आंधी के बाद क्षेत्र के 56 गांवों की बिजली गुल हो गई थी। चार दिन कार्य करने के बाद अभी लगभग एक दर्जन गांवों की बिजली गुल है। बिजली निगम की टीम कार्य में लगी हैं। मंगलवार तक सभी गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है।
गुरूवार की रात तेज आंधी और बारिश में नगर व ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 100 पोल टूट गए थे। पोल व तार टूटने के कारण नगर क्षेत्र समेत 56 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई थी। शुक्रवार की शाम तक नगर में बिजली व्यवस्था बहाल हो गई थी। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र अभी भी लगभग एक दर्जन गांवों में बिजली व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी है। ग्राम रूरा मल्लू, शहजादपुरा, दमां, अलाईपुरा, पहाड़पुरा आदि गांवों में अभी भी बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो सकी है। हालांकि बिजली निगम के कर्मचारी लगातार कार्य कर रहे हैं। उम्मीद है कि मंगलवार तक बिजली आपूर्ति बहाल हो सकेगी। गर्मी में बिजली और पानी न आने से ग्रामीण के लोग बिजली और पानी के लिए परेशान होते नजर आए। ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था जल्द से जल्द बहाल कराने की मांग बिजली निगम के उच्चाधिकारियों से की है। जेई नवीन कंजोलिया ने बताया कि पोल व तार बदलने का काम चल रहा है। मंगलवार शाम तक ग्रामीण क्षेत्र की आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है।





