रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today । भारत विकास परिषद प्रमुख शाखा जालौन की नवीन कार्यकारिणी का भव्य दायित्व ग्रहण एवं सम्मान समारोह स्थानीय अभिनन्दन गेस्ट हाउस में उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रांतीय कोषाध्यक्ष एवं दीक्षा अधिकारी संजय मित्तल तथा प्रांतीय महासचिव एवं अधिष्ठापन अधिकारी नन्दगोपाल अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
समारोह में नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को संगठन के दायित्वों एवं कर्तव्यों के प्रति निष्ठापूर्वक कार्य करने की शपथ दिलाई गई। अनन्त गुप्ता ने अध्यक्ष, अनुरुद्ध विश्नोई ‘नीटू’ ने सचिव तथा राजकुमार सोनी ने कोषाध्यक्ष पद का दायित्व ग्रहण किया। इसके साथ ही उपाध्यक्षों, महिला पदाधिकारियों, गतिविधि संयोजकों, संयुक्त सचिवों एवं सहकोषाध्यक्ष सहित समस्त कार्यकारिणी सदस्यों ने भी संगठन की सेवा का संकल्प लिया। नवीन सदस्यों को भी परिषद की विचारधारा एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति समर्पित रहने की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण नगर की चार प्रतिष्ठित विभूतियों का सम्मान रहा। समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए विष्णु दयाल गुप्ता, पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंजन लाल माहेश्वरी, शिक्षा क्षेत्र में रमेश चंद्र श्रीवास्तव तथा कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए कृपा शंकर खत्री को माल्यार्पण, शॉल, प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अतिथियों ने उनके योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
इस अवसर पर प्रांतीय उपाध्यक्ष महावीर शरण गुप्ता, गतिविधि संयोजक उमाकांत गुप्ता सहित अन्य अतिथियों ने परिषद की सामाजिक गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया। महिला सदस्यों ने महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लेते हुए समाज में स्वास्थ्य चेतना बढ़ाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन पवन अग्रवाल ने प्रभावी ढंग से किया। समारोह में बड़ी संख्या में परिषद के सदस्यों, समाजसेवियों, व्यापारियों, शिक्षाविदों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम को गरिमामयी एवं प्रेरणादायी स्वरूप प्राप्त हुआ।
अंत में परिषद पदाधिकारियों ने समाज सेवा, संस्कार, सहयोग एवं जनकल्याण के कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।






