रिपोर्ट बबलू सेंगर

Jalaun news today ।जालौन में मोहर्रम के दौरान पूरे नगर की बिजली आपूर्ति बंद किए जाने की परंपरा समाप्त कर केवल जुलूस मार्ग तक ही विद्युत कटौती सीमित किए जाने की मांग नगरवासियों ने ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजकर की है।
नगर के मोहल्ला मुरलीमनोहर निवासी अशफाक राईन, जावेद, विनय निगम आदि ने ऊर्जा मंत्री को पत्र भेजकर लिखा कि मोहर्रम के अवसर पर नगर क्षेत्र में ताजिया एवं छड़ आदि के जुलूस निकाले जाते हैं। सुरक्षा व्यवस्था के नाम पर हर वर्ष पूरे नगर की विद्युत आपूर्ति कई घंटों के लिए बंद कर दी जाती है, जिससे आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। वर्तमान में नगर में विद्युत लाइनों के नवीनीकरण, केबलिंग और अन्य सुरक्षा संबंधी कार्यों पर बड़ी धनराशि खर्च की जा चुकी है। इसके बावजूद पूरे नगर की बिजली आपूर्ति बंद करना उचित नहीं है। लंबे समय तक बिजली कटौती होने से व्यापारियों, विद्यार्थियों, मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। भीषण गर्मी के मौसम में यह समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है। उन्होंने कहा कि आधुनिक और सुरक्षित विद्युत व्यवस्था उपलब्ध होने के बावजूद पूरे नगर को अंधेरे में रखना जनहित में उचित नहीं है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि यदि सुरक्षा कारणों से बिजली आपूर्ति बंद करना आवश्यक हो तो केवल उसी मार्ग अथवा क्षेत्र की बिजली अस्थायी रूप से बंद की जाए, जहां से जुलूस गुजर रहा हो। नगर के अन्य क्षेत्रों में नियमित बिजली आपूर्ति जारी रखी जाए। साथ ही प्रशासन और बिजली निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए जाएं कि जुलूस निर्धारित समय पर प्रारंभ और समाप्त कराया जाए, जिससे अनावश्यक एवं लंबी बिजली कटौती से लोगों को राहत मिल सके।






